अनियंत्रित होकर गहरी खाई में समाई यात्री बस, बलूचिस्तान-खैबर पख्तूनख्वा सीमा पर दर्दनाक हादसा
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के शेरानी जिले में एक यात्री बस गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में 40 लोगों की मौत हो गई और 8 घायल हैं।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिम प्रांत बलूचिस्तान में शुक्रवार को एक बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शेरानी जिले के धना सर इलाके में एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। प्रांतीय सरकार के अधिकारियों के मुताबिक, बस बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा से खैबर पख्तूनख्वा के पेशावर जा रही थी। पर्वतीय और दुर्गम इलाका होने के कारण बचाव दलों को मौके पर पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मोड़ पर चालक ने खोया नियंत्रण, अस्पतालों में अलर्ट
स्थानीय पुलिस के अनुसार, पहाड़ी रास्ते के एक तीखे मोड़ पर चालक ने बस पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण यह भीषण हादसा हुआ। क्वेटा से चलते समय बस में 36 यात्री सवार थे, लेकिन रास्ते में कुछ और लोग भी इसमें बैठ गए थे। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री के सहायक शाहिद रिंद ने बताया कि कई घायलों ने अस्पताल ले जाते समय और इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़ गया। राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ितों को हरसंभव बेहतर चिकित्सा सहायता देने के निर्देश दिए हैं।




