जमीन पर बैठकर साइन किए पेपर्स, जुनैद-इरा और आजाद भी बने गवाह; आमिर की शादी पर क्यों याद आया सलमान का वो मजाक?
Salman Khan on Aamir Khan Third Marriage: आमिर खान और गौरी स्प्रैट की तीसरी शादी के बाद सलमान खान का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने आमिर के 'परफेक्शनिस्ट' टैग पर मजेदार चुटकी ली थी।
मुंबई: बॉलीवुड के ‘मिस्टर परफेक्टनिस्ट’ आमिर खान रविवार को स्टाइलिस्ट गौरी स्प्रैट के साथ शादी के बंधन में बंध गए। बांद्रा स्थित अपने घर पर बेहद सादगी से की गई इस कोर्ट मैरिज की तस्वीरें जैसे ही सोशल मीडिया पर आईं, बधाई देने वालों का तांता लग गया। लेकिन इसी बीच आमिर खान की तीसरी शादी को लेकर उनके करीबी दोस्त और सुपरस्टार सलमान खान का एक पुराना मजेदार बयान इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लोग आज के हालात से जोड़कर देख रहे हैं।
‘द कपिल शर्मा शो’ में सलमान ने उड़ाया था मजाक
यह वायरल किस्सा उस समय का है जब सलमान खान मशहूर कॉमेडी शो ‘द कपिल शर्मा शो’ में मेहमान बनकर पहुंचे थे। शो के दौरान होस्ट कपिल शर्मा ने सलमान से चुटकी लेते हुए कहा था, “आमिर सर ने अभी सबको अपनी गर्लफ्रेंड से इंट्रोड्यूस कराया है और आप तो उनसे 6 महीने छोटे भी हो। वह रुक नहीं रहे, आप कर नहीं रहे।”
“जब तक शादी परफेक्ट नहीं होगी…”
कपिल के इस सवाल पर सलमान खान ने अपने सिग्नेचर अंदाज में मुस्कुराते हुए जवाब दिया था, “देखो यार, आमिर की बात ही अलग है। वह एक आउटस्टैंडिंग पर्सनैलिटी हैं। पूरी दुनिया उन्हें परफेक्शनिस्ट मानती है। जब तक वह शादी को पूरी तरह परफेक्ट नहीं बना लेंगे, तब तक करते ही रहेंगे।” सलमान का यह बरसों पुराना मजाक अब आमिर की तीसरी शादी के बाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।
जमीन पर बैठकर साइन किए मैरिज पेपर्स, पूरा परिवार रहा मौजूद
आमिर खान और गौरी स्प्रैट की शादी बेहद निजी और पारिवारिक रही। सामने आई पहली तस्वीर में दोनों जमीन पर बैठकर मैरिज पेपर्स साइन करते नजर आ रहे हैं। इस खास पल के गवाह आमिर की पिछली शादियों से हुए तीनों बच्चे—जुनैद खान, इरा खान और आजाद राव खान—भी बने। इनके अलावा आमिर की मां जीनत हुसैन और दामाद नूपुर शिखरे भी नवदंपती को आशीर्वाद देने पहुंचे।
दिग्गज हस्तियों ने दी शुभकामनाएं
इस घरेलू शादी समारोह में बॉलीवुड से लेकर राजनीति और खेल जगत के चुनिंदा मेहमानों को आमंत्रित किया गया था। फिल्म निर्देशक आशुतोष गोवारिकर, अंबानी परिवार के सदस्य, अभिनेत्री एली अवराम, पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान और मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने भी आमिर और गौरी के घर पहुंचकर उन्हें इस नई शुरुआत के लिए ढेरों शुभकामनाएं दीं।




