मध्य प्रदेश

अशोकनगर में सनसनी: कार में मिली युवक-युवती की खून से सनी लाश, मर्डर या सुसाइड मिस्ट्री में उलझी पुलिस!

MP के अशोकनगर में कार के अंदर रितिक सोनी और मुस्कान जैन की लाश मिलने से हड़कंप। युवती का गला रेता और युवक को लगी गोली, मौके से पिस्टल और सुसाइड नोट बरामद। पूरी खबर पढ़ें।

अशोकनगर। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ ईसागढ़ रोड स्थित महाना गांव के पास एक कार (जीप) के अंदर युवक और युवती की खून से सनी लाशें मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतिका का गला रेता हुआ है, जबकि युवक के सिर पर गोली लगने के निशान मिले हैं। घटना की सूचना मिलते ही देर रात करीब 3 बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर तफ्तीश शुरू कर दी है।

घर से लापता थे दोनों, मोबाइल लोकेशन ने खोला राज

मृतकों की पहचान अशोकनगर निवासी रितिक सोनी (26 वर्ष) और मुस्कान जैन (24 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों एक दिन पहले अचानक अपने-अपने घरों से लापता हो गए थे, जिसके बाद परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने जब मोबाइल लोकेशन को ट्रैक किया, तो दोनों की लोकेशन महाना गांव के पास मिली, जहां गाड़ी की अगली सीट पर दोनों के शव बरामद हुए।

कार से पिस्टल, कटर और सुसाइड नोट बरामद

पुलिस को घटना स्थल पर खड़ी गाड़ी के अंदर से एक पिस्टल और पेपर कटर मिला है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या धारदार कटर से गला रेतकर की गई है और युवक की मौत गोली लगने से हुई है। पुलिस को कार से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है।

थाना प्रभारी का बयान: “सूचना मिलने पर पुलिस टीम महाना गांव के पास पहुंची थी, जहां जीप में दोनों शव मिले। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। शॉर्ट पीएम और विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पूरी तरह स्पष्टीकरण हो पाएगा।” — भुवनेश शर्मा, देहात थाना प्रभारी

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, फोरेंसिक जांच की मांग

बताया जा रहा है कि रितिक और मुस्कान ने एक साथ पढ़ाई की थी और बाद में एक प्राइवेट कंपनी में साथ नौकरी भी करते थे। रितिक इंदौर में कार इंटीरियर का बिजनेस करता था और करीब 15 दिन पहले ही अशोकनगर आया था। इस खौफनाक घटना के बाद मृतक युवक के पिता ने दोनों की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मामले की उच्च स्तरीय फोरेंसिक जांच (FSL) कराने की मांग की है। पुलिस मर्डर और सुसाइड दोनों एंगल से मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है।

INE Desk

हम देश और दुनिया की हर बड़ी घटना को बिना किसी लाग-लपेट के, सटीक और तेजी से आप तक पहुंचाते हैं। हमारी टीम सच्चाई के लिए प्रतिबद्ध है और गहन विश्लेषण के साथ हर कोने से समाचार लाती है। चाहे राजनीति हो, व्यापार, खेल, मनोरंजन या टेक्नोलॉजी, हमारा उद्देश्य है कि आप हर विषय पर अपडेट रहें। हम गुणवत्तापूर्ण पत्रकारिता में विश्वास करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button