जब ऐश्वर्या और रानी मुखर्जी की पक्की दोस्ती में आ गई थी दरार, एक फिल्म के कारण पैदा हुई थी कड़वाहट
ऐश्वर्या राय और रानी मुखर्जी की गहरी दोस्ती क्यों टूट गई? जानिए उस वर्ल्ड टूर की कहानी और फिल्म 'चलते-चलते' के उस विवाद के बारे में जिसने दो बेस्ट फ्रेंड्स को हमेशा के लिए अलग कर दिया।
मुंबई. बॉलीवुड में रिश्तों का बनना और बिगड़ना कोई नई बात नहीं है, लेकिन एक दौर ऐसा भी था जब ऐश्वर्या राय और रानी मुखर्जी की दोस्ती की मिसालें दी जाती थीं। दोनों अभिनेत्रियों के बीच एक समय बेहद मजबूत बॉन्डिंग थी, जो बाद में एक बड़े विवाद और दूरी में बदल गई। एक पुराने इंटरव्यू में ऐश्वर्या राय बच्चन ने खुद रानी मुखर्जी के साथ अपने खास रिश्ते का जिक्र किया था और बताया था कि कैसे दोनों एक-दूसरे के बेहद करीब आ गई थीं। आइए जानते हैं क्या था वह किस्सा और क्यों आई इस दोस्ती में दरार।
वर्ल्ड टूर पर करीब आई थीं दोनों अभिनेत्रियां
मशहूर चैट शो “जीना इसी का नाम है” में ऐश्वर्या राय ने रानी मुखर्जी के साथ अपनी दोस्ती के खूबसूरत दिनों को याद किया था। ऐश्वर्या ने बताया था कि एक इंटरनेशनल वर्ल्ड टूर के दौरान लगभग 45 दिनों तक साथ सफर करने, परफॉर्म करने और परिवारों के साथ वक्त बिताने से उनके बीच एक बेहद सहज रिश्ता बन गया था। उन्होंने इस आम धारणा को भी गलत ठहराया था कि एक ही इंडस्ट्री की दो टॉप अभिनेत्रियां कभी सहेलियां नहीं हो सकतीं। ऐश्वर्या ने रानी को ‘बहुत मिलनसार’ और ‘दोस्ताना’ बताया था, जिनके साथ उनकी कोई झिझक नहीं थी।
रानी मुखर्जी ने टीवी पर कहा था- हम हमेशा दोस्त रहेंगी
उस दौरान रानी मुखर्जी ने भी ऐश्वर्या के लिए एक बेहद भावुक वीडियो मैसेज भेजा था। अस्वस्थ होने के कारण शो में न आ पाने का अफसोस जताते हुए रानी ने कहा था, “ऐश, मैं बस आपसे प्यार करती हूं। मुझे नहीं लगता कि मुझे यह कहने की जरूरत है, लेकिन दुनिया की वजह से मुझे टीवी पर यह फिर से कहना पड़ रहा है। मैं बस इतना चाहती हूं कि हम हमेशा दोस्त रहें।” रानी के इस संदेश से साफ था कि दोनों के बीच का रिश्ता कितना गहरा और सच्चा था।
‘चलते-चलते’ फिल्म बनी दोस्ती टूटने की वजह
तमाम वादों और गहरे प्यार के बावजूद यह दोस्ती ज्यादा समय तक नहीं टिक सकी। साल 2003 में फिल्म ‘चलते-चलते’ की शूटिंग के दौरान इस रिश्ते में एक ऐसा मोड़ आया जिसने सब कुछ बदल दिया। इस फिल्म में पहले शाहरुख खान के अपोजिट ऐश्वर्या राय बच्चन को कास्ट किया गया था, लेकिन कुछ व्यक्तिगत विवादों और कारणों के चलते ऐश्वर्या को फिल्म से रिप्लेस कर दिया गया। उनकी जगह मेकर्स ने रानी मुखर्जी को साइन कर लिया। खबरों की मानें तो इसी घटना ने दोनों अभिनेत्रियों के बीच हमेशा के लिए एक गहरी दरार पैदा कर दी और जो दोस्ती मिसाल बनी थी, वह बॉलीवुड के सबसे चर्चित शीत-युद्ध (Cold War) में तब्दील हो गई।




