छत्तीसगढ़

जमानत मिलते ही सियासी धमाका! विजय शर्मा ने साधा बघेल सरकार पर निशाना

कवासी लखमा की रिहाई पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा का बड़ा बयान। नक्सलवाद, राहुल गांधी–बृजमोहन अग्रवाल मुलाकात और धान खरीदी पर भी सरकार का स्पष्ट रुख।

रायपुर. शराब घोटाले में आरोपी पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद आज जेल से रिहा किया जाएगा। इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में शराब, डीएमएफ और कोयला जैसे कई घोटाले हुए, लेकिन कवासी लखमा को ही बलि का बकरा बनाया गया।

नक्सलवाद पर सरकार का रुख: “एक भी गोली नहीं चलाना चाहते”

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की छत्तीसगढ़ में हुई हाई-लेवल बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य के अब केवल 15 प्रतिशत भूभाग और 15 प्रतिशत नक्सली शस्त्र बल शेष हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की मंशा है कि एक भी गोली न चले। नक्सलियों के लिए पुनर्वास की बेहतर व्यवस्था की गई है, जबकि जो हथियार नहीं छोड़ेंगे, उनके खिलाफ सुरक्षा बलों की कार्रवाई जारी रहेगी। विजय शर्मा ने कहा कि सुरक्षा बलों की ताकत के सामने कोई टिक नहीं सका है।

राहुल गांधी–बृजमोहन अग्रवाल मुलाकात पर तंज

दिल्ली में राहुल गांधी से भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल की मुलाकात को लेकर भूपेश बघेल के तंज पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुशासन बहुत बड़ी बात होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मंडल तो बना लेगी, लेकिन अनुशासन कहां से लाएगी। विजय शर्मा ने यह भी बताया कि उस दौरान विनय सहस्त्रबुद्धे भी वहां मौजूद थे और बातचीत उन्हीं से हो रही थी।

धान खरीदी की तारीख बढ़ने पर सरकार का आश्वासन

धान खरीदी की तारीख में दो दिनों की बढ़ोतरी को लेकर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि किसी भी किसान को कोई परेशानी नहीं होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का जनता से कोई लेना-देना नहीं है और वह हमेशा अपने राजनीतिक मुद्दों में उलझी रहती है। सरकार किसानों को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

INE Desk

हम देश और दुनिया की हर बड़ी घटना को बिना किसी लाग-लपेट के, सटीक और तेजी से आप तक पहुंचाते हैं। हमारी टीम सच्चाई के लिए प्रतिबद्ध है और गहन विश्लेषण के साथ हर कोने से समाचार लाती है। चाहे राजनीति हो, व्यापार, खेल, मनोरंजन या टेक्नोलॉजी, हमारा उद्देश्य है कि आप हर विषय पर अपडेट रहें। हम गुणवत्तापूर्ण पत्रकारिता में विश्वास करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button