बालक से बल्लेबाज़ तक: वैभव सूर्यवंशी, 14 की उम्र में बना वर्ल्ड क्रिकेट का स्टार
आईपीएल 2025 में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन करने वाले 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को लेकर पूर्व क्रिकेटर सबा करीम का बड़ा बयान, कहा— अब टीम इंडिया में डेब्यू का समय आ गया है।

नई दिल्ली. आईपीएल 2025 में डेब्यू के साथ ही क्रिकेट जगत की नई सनसनी बने 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर सबा करीम ने बड़ा बयान दिया है। उनका मानना है कि अब वैभव को भारतीय सीनियर टीम में शामिल करने का समय आ गया है। फिलहाल वैभव अंडर-19 वर्ल्ड कप में खेल रहे हैं, जहां उन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए दो अर्धशतक जमाकर टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई है।
वैभव को नेशनल टीम में शामिल करने का सही समय: सबा करीम
वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए सबा करीम ने कहा, “वह बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। उन्हें खेलते देखकर बहुत खुशी होती है। मुझे लगता है कि अब उन्हें इंडियन नेशनल टीम में शामिल करने का समय आ गया है।”
उन्होंने आगे कहा कि वैभव पर सभी स्तरों पर नजर रखी जा रही है। स्टेट एसोसिएशन, बीसीसीआई का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स लगातार उनके विकास पर काम कर रहे हैं। “बहुत जल्द वह दिन आएगा, जब हम वैभव को टीम इंडिया की जर्सी में देखेंगे,” सबा करीम ने कहा।
आईपीएल में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास में शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं। उन्होंने 14 साल 32 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की। आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ महज 35 गेंदों में शतक जड़ा।
यह आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक भी है। इस मामले में शीर्ष पर क्रिस गेल हैं, जिन्होंने 23 अप्रैल 2013 को आरसीबी की ओर से खेलते हुए 30 गेंदों में सेंचुरी लगाई थी।
हर टूर्नामेंट में वैभव का बल्ला उगल रहा आग
आईपीएल के बाद वैभव सूर्यवंशी ने जिस भी टूर्नामेंट में हिस्सा लिया, वहां अपने आक्रामक अंदाज से छाप छोड़ी। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की अंडर-19 टीमों के खिलाफ उन्होंने जमकर रन बनाए। इसके अलावा विजय हजारे ट्रॉफी और रणजी ट्रॉफी में भी शतक लगाकर उन्होंने इतिहास रच दिया।
अंडर-19 टीम के सफल कप्तान भी हैं वैभव
अंडर-19 वर्ल्ड कप से पहले साउथ अफ्रीका दौरे के लिए वैभव सूर्यवंशी को भारत की अंडर-19 टीम का कप्तान बनाया गया था। उनकी कप्तानी में भारत ने यूथ वनडे सीरीज अपने नाम की, जिसमें वैभव के बल्ले से एक शानदार शतक भी निकला।
मौजूदा अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी वह लगातार रन बना रहे हैं। उनका मौजूदा फॉर्म यह संकेत दे रहा है कि आने वाले समय में टीम इंडिया के दरवाजे उनके लिए खुल सकते हैं।




