उत्तर प्रदेश

UP News: अयोध्या में साधु पर खौफनाक हमला; नींद में आग से जलाने की कोशिश, मचा हड़कंप

UP News: श्रीराम की नगरी अयोध्या के प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर में स्थित एक भवन में रहने वाले संत महेश योगी को जिंदा जलाने की कोशिश की गई।

UP News: अयोध्या. श्रीराम की नगरी अयोध्या के प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर में स्थित एक भवन में रहने वाले संत महेश योगी को जिंदा जलाने की कोशिश की गई। संत के अनुसार शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे सोते समय उनके कमरे की पिछली खिड़की की लोहे की जाली काटकर ज्वलनशील पदार्थ के साथ आग अंदर फेंकी गई। आग फैलते ही उनकी नींद खुल गई और वह किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

कमरे में धुआं भरते ही खुली आंख

संत महेश योगी ने बताया कि वह हनुमानगढ़ी थाना क्षेत्र स्थित गोविंदगढ़ आश्रम में रोज की तरह गुरुवार रात सोए थे। शुक्रवार की भोर में असामाजिक तत्वों ने पीछे की खिड़की की जाली काटकर आग का गोला अंदर फेंका, जिससे कमरे में लपटें और तेज धुआं फैल गया। धुएं की वजह से उनकी आंख खुली और वह तुरंत बाहर भागे। समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

हत्या की साजिश का आरोप

संत ने इस घटना को पूर्व नियोजित हत्या की साजिश बताया है। उनका कहना है कि आग ज्वलनशील पदार्थ से लगाई गई थी, जिसकी तीखी बदबू पूरे कमरे में फैल गई थी। संत की शिकायत पर पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।

दूसरे संत पर रची साजिश का आरोप

संत महेश योगी ने एक अन्य संत पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह लंबे समय से उनके खिलाफ षड्यंत्र रच रहा है। आरोप है कि उसकी सह पर हनुमानगढ़ी से निष्कासित कुछ संत आए दिन उनके खिलाफ साजिश करते रहते हैं। पहले भी उन्हें दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले में फंसाने की कोशिश की जा चुकी है।

संत का यह भी आरोप है कि संबंधित महंत ने दो वर्षों से हनुमानगढ़ी से मिलने वाली सभी तरह की सहायता बंद कर दी है। यहां तक कि दान पात्र में मिले करीब दो करोड़ रुपये की कथित धांधली भी की गई है, जिसकी शिकायत पहले की जा चुकी है। उस समय आरोपी संत को फटकार भी लगी थी, लेकिन षड्यंत्र अब भी जारी है।

आश्रम की संपत्ति हड़पने का आरोप

संत ने हनुमानगढ़ी की परंपरागत व्यवस्था का जिक्र करते हुए बताया कि यहां उज्जैनिया, बसंतिया, सागरी और हरिद्वारी — चार पट्टियां हैं। प्रत्येक पट्टी में कई आश्रम और महंत हैं। वह बसंतिया पट्टी के गोविंदगढ़ आश्रम के महंत हैं। उनका आरोप है कि आश्रम की संपत्ति हड़पने के उद्देश्य से उनकी हत्या की साजिश रची जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button