विदेश

ट्रंप की पहल नाकाम! थाई–कंबोडिया सीमा पर युद्ध की आहट, आसमान से बरसे बम

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहल पर दक्षिण कोरिया में 26 अक्टूबर 2025 को थाईलैंड और कंबोडिया के बीच कराया गया सीजफायर समझौता अब टूट गया है। इ

वाशिंगटन. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहल पर दक्षिण कोरिया में 26 अक्टूबर 2025 को थाईलैंड और कंबोडिया के बीच कराया गया सीजफायर समझौता अब टूट गया है। इसके बाद थाईलैंड ने कंबोडिया पर भीषण एयरस्ट्राइक कर दी। हमलों के बाद दोनों देश एक-दूसरे पर पहले हमला करने के आरोप लगा रहे हैं।

सोमवार से शुरू हुई एयरस्ट्राइक, युद्ध के हालात

थाईलैंड ने सोमवार को कंबोडिया के खिलाफ हवाई हमले शुरू कर दिए, जिससे दक्षिण-पूर्व एशिया के इन पड़ोसी देशों के बीच एक बार फिर युद्ध जैसे हालात बन गए हैं। दोनों पक्षों की ओर से लगातार एक-दूसरे पर हमले की जिम्मेदारी डालने का सिलसिला जारी है।

थाई सेना का दावा—कंबोडियाई सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना

थाई सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल विन्थाई सुवारी ने कहा कि एयरस्ट्राइक कंबोडिया के सैन्य ढांचे (मिलिट्री इंफ्रास्ट्रक्चर) को निशाना बनाकर की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले कंबोडिया ने थाईलैंड पर हमला किया, जिसमें थाई सैनिक मारे गए।

सुवारी ने कहा— “चोंग एन मा पास के इलाके में कंबोडिया की हथियार सपोर्टिंग जगहों को निशाना बनाया गया, क्योंकि वहीं से अनुपोंग बेस पर आर्टिलरी और मोर्टार लॉन्चर से हमला किया गया था। इस हमले में एक थाई सैनिक मारा गया और सात लोग घायल हो गए।”

सुबह 3 बजे से सीमा पर गोलाबारी का आरोप

थाई आर्मी के बयान के मुताबिक, कंबोडिया ने सोमवार सुबह लगभग 3 बजे स्थानीय समयानुसार थाई सीमा को निशाना बनाना शुरू किया। रॉयल थाई एयर फोर्स (RTAF) ने कहा कि— “कंबोडिया ने भारी हथियार जमा किए, लड़ाकू यूनिट्स को दूसरी जगह भेजा और फायर-सपोर्ट एलिमेंट तैयार किए। ये गतिविधियां सैन्य ऑपरेशन को बढ़ाने और थाई सीमा के लिए गंभीर खतरा पैदा करने वाली थीं।”

कंबोडिया ने आरोपों को किया खारिज

वहीं दूसरी ओर, कंबोडिया के रक्षा मंत्री ने आरटीएएफ के आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए इन्हें गलत जानकारी बताया।
उन्होंने कहा— “कंबोडिया ने सभी समझौतों का सम्मान किया है और अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत शांति से विवाद सुलझाने की नीति पर कायम है। दोनों हमलों के दौरान हमने कोई जवाबी कार्रवाई नहीं की और पूरी सतर्कता से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।”

कंबोडियाई सेना का पलटवार—सुबह 5:04 बजे हुआ हमला

एक अलग बयान में कंबोडियाई सेना ने आरोप लगाया कि थाई सेना ने स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 5:04 बजे कंबोडियाई सेना पर हमला किया। कंबोडिया ने कहा— “यह हमला तब हुआ जब थाई सेना पिछले कई दिनों से लगातार उकसाने वाली कार्रवाइयां कर रही थी।”

सीमा क्षेत्रों से 70 फीसदी थाई नागरिकों का निकाला गया

थाईलैंड की सेना ने बताया कि सीमा से सटे शहरों से करीब 70 फीसदी थाई नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर निकाल लिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके में हाई अलर्ट पर हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button