मनोरंजन

‘टॉक्सिक’ में सरप्राइज़ पैकेज: हुमा कुरैशी का एलिज़ाबेथ अवतार चर्चा में

यश की फिल्म ‘टॉक्सिक, ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ से हुमा कुरैशी का रहस्यमय फर्स्ट लुक सामने आया। एलिज़ाबेथ के किरदार में हुमा, 19 मार्च 2026 को पैन-इंडिया रिलीज़ होगी फिल्म।

मुंबई. रॉकिंग स्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म टॉक्सिक, ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स को लेकर दर्शकों का इंतजार और बढ़ गया है। फिल्म में बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी एलिज़ाबेथ के किरदार में नजर आएंगी। मेकर्स ने 2026 की सबसे चर्चित और रहस्यमय फिल्मों में शामिल इस प्रोजेक्ट से हुमा की पहली झलक जारी कर दी है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

कब्रिस्तान के बीच खड़ी एलिज़ाबेथ, लुक में खामोश खौफ

जारी फर्स्ट लुक में हुमा कुरैशी एक कब्रिस्तान के बीच नजर आ रही हैं। टूटे-फूटे पत्थर, पुराने फरिश्तों की मूर्तियां और एक भारी-सा माहौल—इन सबके बीच वह एक चमकदार विंटेज काली कार के पास खड़ी दिखाई देती हैं।

इस लुक में हुमा का अंदाज़ अब तक के सभी किरदारों से अलग है। शांत, नफासत से भरी और भीतर से बेहद खतरनाक—उनकी आंखों में ऐसा असर है जो बताता है कि एलिज़ाबेथ को हंगामा करने की जरूरत नहीं, उसकी शालीनता ही उसका सबसे बड़ा हथियार है।

निर्देशक गीतू मोहनदास ने क्यों चुना हुमा को

फिल्म की निर्देशक गीतू मोहनदास ने हुमा कुरैशी को कास्ट करने को लेकर कहा कि एलिज़ाबेथ का किरदार बेहद चुनौतीपूर्ण था।
उन्होंने बताया, “इस रोल के लिए ऐसी अभिनेत्री चाहिए थी, जिसमें रुतबा, गहराई और दमदार स्क्रीन प्रेज़ेंस हो। हुमा फ्रेम में आते ही एलिज़ाबेथ को जिंदा कर देती हैं। वह सवाल करती हैं, सोचती हैं और अपने किरदार को चुनौती देती हैं—यही संवाद इस रचनात्मक सफर का सबसे खूबसूरत हिस्सा रहा।” निर्देशक के मुताबिक, यह परफॉर्मेंस हुमा के करियर का एक बड़ा मोड़ साबित हो सकती है।

चार साल बाद बड़े पर्दे पर यश की वापसी

ब्लॉकबस्टर केजीएफ चैप्टर 2 के बाद यश चार साल तक बड़े पर्दे से दूर रहे। अब ‘टॉक्सिक, ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ के साथ वह धमाकेदार वापसी करने जा रहे हैं। फिल्म को लेकर पहले से ही जबरदस्त बज़ बना हुआ है, और हुमा कुरैशी का फर्स्ट लुक इस उत्सुकता को और बढ़ा रहा है।

कब और किन भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म

‘टॉक्सिक’ को कन्नड़ और अंग्रेजी में शूट किया गया है। फिल्म 19 मार्च 2026 को हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम समेत कई भाषाओं में एक साथ रिलीज़ की जाएगी। मेकर्स इसे पैन-इंडिया ही नहीं, बल्कि इंटरनेशनल लेवल पर भी बड़े पैमाने पर पेश करने की तैयारी में हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button