दर्शकों पर चला प्रभास का जादू, पहले दिन राजा साब ने कमाए 100 करोड़
प्रभास की हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘द राजा साब’ ने मिक्स्ड रिव्यू के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर शानदार ओपनिंग की। पहले दिन वर्ल्डवाइड 54–100 करोड़ रुपये का कलेक्शन।

मुंबई. पैन इंडिया स्टार प्रभास ने एक बार फिर अपनी जबरदस्त स्टार पावर साबित कर दी है। उनकी लेटेस्ट हॉरर–कॉमेडी फिल्म द राजा साब को भले ही क्रिटिक्स से मिक्स्ड से नेगेटिव रिव्यू मिले हों, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने शानदार ओपनिंग दर्ज की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ओपनिंग डे पर फिल्म ने 54 से 100 करोड़ रुपये के बीच वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन किया है।
पहले दिन प्रभास की फिल्म ने किया कमाल
डायरेक्टर मारुति के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने भारत में पहले दिन 45–70 करोड़ रुपये की अनुमानित ग्रॉस कमाई की है।
डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस पर सबसे बड़ा योगदान तेलुगू राज्यों से आया है, जहां फिल्म ने 50 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन किया। इसमें प्रीमियर शो के 8–9 करोड़ रुपये भी शामिल हैं।
ओवरसीज में भी दमदार ओपनिंग
ओवरसीज मार्केट से फिल्म के 25–30 करोड़ रुपये के कलेक्शन की उम्मीद जताई जा रही है। इस तरह वर्ल्डवाइड ओपनिंग डे का आंकड़ा 90 करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच सकता है।
कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, पेड प्रीव्यू से 9.15 करोड़ रुपये समेत फिल्म का कुल कलेक्शन 54.15 करोड़ रुपये तक दर्ज किया जा चुका है। तेलुगू राज्यों के फाइनल आंकड़े आने के बाद ही साफ होगा कि फिल्म 100 करोड़ क्लब में एंट्री ले पाती है या नहीं।
एडवांस बुकिंग में भी दिखा असर
‘द राजा साब’ ने ओपनिंग डे के लिए वर्ल्डवाइड प्री-सेल्स में 50 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन किया था। अगर भारत में बुकिंग थोड़ी पहले शुरू होती, तो ये आंकड़े और ऊंचे हो सकते थे। इसके बावजूद एडवांस बुकिंग मजबूत रही, हालांकि यह प्रभास की पिछली ब्लॉकबस्टर फिल्मों कल्कि 2898 एडी और सालार से कुछ कम मानी जा रही है।
स्टारडम के दम पर मिली ओपनिंग
फिल्म की यह बड़ी ओपनिंग पूरी तरह प्रभास के स्टारडम का नतीजा मानी जा रही है, खासकर तब जब शुरुआती वर्ड ऑफ माउथ और क्रिटिकल रिसेप्शन ज्यादा मजबूत नहीं रहा।
हालांकि, एडवांस ट्रेंड्स को देखते हुए फिल्म डीसेंट होल्ड बनाए रख सकती है। अब सभी की नजरें संक्रांति के फेस्टिव वीकेंड पर हैं, जहां यह तय होगा कि ‘द राजा साब’ बॉक्स ऑफिस पर कितनी लंबी रेस तय कर पाती है।




