बाबरी विवाद के बाद अगला कदम: हुमायूं कबीर आयोजित करेंगे ‘कुरान ख्वानी’
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने रविवार को घोषणा की कि वह फरवरी में एक लाख लोगों के साथ ‘कुरान ख्वानी’ (कुरान का सामूहिक पाठ) का आयोजन करेंगे।

कोलकाता. तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने रविवार को घोषणा की कि वह फरवरी में एक लाख लोगों के साथ ‘कुरान ख्वानी’ (कुरान का सामूहिक पाठ) का आयोजन करेंगे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों को मांस और चावल का भोज भी कराया जाएगा।
गीता पाठ के जवाब में कुरान ख्वानी का आयोजन
कबीर का यह बयान ऐसे समय आया है, जब संतों और आध्यात्मिक गुरुओं के एक समूह ‘सनातन संस्कृति संसद’ ने कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पांच लाख लोगों के साथ भगवद गीता पाठ का आयोजन किया है। इसे दोनों धार्मिक आयोजनों के संदर्भ में अहम माना जा रहा है।
कहा— कुरान ख्वानी के बाद शुरू होगा मस्जिद निर्माण
मुर्शिदाबाद जिले के रेजिनगर में पत्रकारों से बातचीत में कबीर ने कहा, “मैं फरवरी में एक लाख लोगों के साथ कुरान ख्वानी करूंगा। इसके बाद बाबरी मस्जिद का निर्माण कार्य शुरू होगा।” शनिवार को उन्होंने अयोध्या की बाबरी मस्जिद की तर्ज पर प्रस्तावित मस्जिद की नींव भी रखी थी।
कड़ी सुरक्षा के बीच रखी गई मस्जिद की नींव
शनिवार को राज्य पुलिस, त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) और केंद्रीय बलों की भारी तैनाती के बीच कबीर ने मौलवियों के साथ रेजिनगर में एक विशाल मंच पर औपचारिक रूप से फीता काटा। वास्तविक मस्जिद निर्माण स्थल आयोजन स्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित है। इस दौरान “नारा-ए-तकबीर, अल्लाहु अकबर” के नारे लगे और हजारों लोग सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर जुट गए। कई लोग प्रतीकात्मक रूप से अपने सिर पर ईंट लेकर पहुंचे थे।
छह दिसंबर को कार्यक्रम, राजनीतिक विवाद तेज
यह कार्यक्रम छह दिसंबर को आयोजित किया गया था, जिस दिन 1992 में अयोध्या में बाबरी मस्जिद गिराई गई थी। इसी वजह से कार्यक्रम की तारीख को लेकर तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आईं। रेजिनगर के साथ-साथ पास के बेलडांगा क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी और पूरे इलाके को हाई सिक्योरिटी जोन में तब्दील कर दिया गया था।
सांप्रदायिक राजनीति के आरोप में पहले ही हो चुके हैं निलंबित
तृणमूल कांग्रेस ने हुमायूं कबीर को “सांप्रदायिक राजनीति” में शामिल होने के आरोप में इस सप्ताह की शुरुआत में निलंबित कर दिया था। कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कबीर ने कहा, “मैं कुछ भी असंवैधानिक नहीं कर रहा हूं। उपासना स्थल बनाना एक संवैधानिक अधिकार है। बाबरी मस्जिद बनायी जाएगी।”




