साल का पहला सूर्य ग्रहण: 17 फरवरी को क्या भारत में लगेगा सूतक काल?

साल 2026 का पहला सूर्य ग्रहण अब से ठीक एक महीने बाद यानी 17 फरवरी 2026 को लगने वाला है। ज्योतिषविदों के अनुसार यह सूर्य ग्रहण धनिष्ठा नक्षत्र और कुंभ राशि में घटित होगा। यह एक कंकण सूर्य ग्रहण होगा, जिसे खगोल विज्ञान की भाषा में वलयाकार सूर्य ग्रहण (Ring of Fire) कहा जाता है।
इस प्रकार के ग्रहण में चंद्रमा, पृथ्वी और सूर्य के बीच तो आ जाता है, लेकिन सूर्य को पूरी तरह ढक नहीं पाता। परिणामस्वरूप सूर्य के चारों ओर आग की अंगूठी जैसी चमकदार आकृति दिखाई देती है।
कितने बजे लगेगा सूर्य ग्रहण?
यह सूर्य ग्रहण भारतीय समयानुसार दोपहर 3:56 बजे से शाम 7:57 बजे तक रहेगा।
क्या भारत में दिखेगा सूर्य ग्रहण?
यह सूर्य ग्रहण भारत में दृश्यमान नहीं होगा। इसलिए भारत पर इसका कोई विशेष ज्योतिषीय या धार्मिक प्रभाव नहीं माना जा रहा है।
क्या भारत में सूतक काल मान्य होगा?
सामान्यतः सूर्य ग्रहण से 12 घंटे पहले सूतक काल शुरू हो जाता है, जिसमें पूजा-पाठ, खान-पान और मंदिर प्रवेश वर्जित माने जाते हैं।
हालांकि, सूतक काल केवल तभी मान्य होता है जब ग्रहण भारत में दिखाई दे। चूंकि यह सूर्य ग्रहण भारत में नहीं दिखेगा, इसलिए सूतक काल भी मान्य नहीं होगा।
कहां-कहां दिखाई देगा यह सूर्य ग्रहण?
यह वलयाकार सूर्य ग्रहण मुख्य रूप से
- दक्षिण अफ्रीका,
- अर्जेंटीना (दक्षिणी भाग),
- अंटार्कटिका के क्षेत्रों में देखा जा सकेगा।
2026 में लगने वाले अन्य ग्रहण
दूसरा सूर्य ग्रहण – 12 अगस्त 2026
वर्ष का दूसरा सूर्य ग्रहण 12 अगस्त 2026 (बुधवार) को लगेगा। यह पूर्ण सूर्य ग्रहण होगा, जिसमें सूर्य पूरी तरह ढक जाएगा।
यह ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा क्योंकि उस समय यहां रात्रि होगी।
यह ग्रहण ग्रीनलैंड, आइसलैंड, स्पेन, रूस और पुर्तगाल में देखा जाएगा।
पहला चंद्र ग्रहण – 3 मार्च 2026
2026 का पहला चंद्र ग्रहण 3 मार्च (मंगलवार) को होली के संयोग में लगेगा। यह खंडग्रास चंद्र ग्रहण होगा।
यह ग्रहण भारत सहित एशिया के कई देशों में दिखाई देगा और सूतक काल भी मान्य रहेगा।
इसे ऑस्ट्रेलिया और संयुक्त राज्य अमेरिका के कुछ हिस्सों में भी देखा जा सकेगा।
दूसरा चंद्र ग्रहण – 28 अगस्त 2026
साल 2026 का दूसरा चंद्र ग्रहण 28 अगस्त को पड़ेगा। यह भारत में दृश्य नहीं होगा, लेकिन
यूरोप, अफ्रीका, उत्तर और दक्षिण अमेरिका के कई हिस्सों में दिखाई देगा।




