देश

नीतीश कुमार का सीतामढ़ी दौरा आज, 554 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात

सीतामढ़ी में समृद्धि यात्रा के चौथे दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बेलसंड पहुंचे। 554 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, सुरक्षा के कड़े इंतजाम।

सीतामढ़ी. समृद्धि यात्रा के चौथे दिन सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सीतामढ़ी जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर बेलसंड प्रखंड के चंदौली गांव पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं की भारी भीड़ देखने को मिली, जबकि विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए हैं।

554 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री इस दौरान करीब 554 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें बागमती नदी पर निर्मित आरसीसी पुल, ढाई किलोमीटर तटबंध सुदृढ़ीकरण एवं सड़क कालीकरण की परियोजनाएं प्रमुख हैं। इसके अलावा विद्यालय परिसर में नक्षत्र वन का उद्घाटन भी किया जाएगा।

स्टॉल निरीक्षण और जनसंवाद कार्यक्रम

मुख्यमंत्री विद्यालय परिसर में लगे विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण करेंगे और स्वयं सहायता समूहों सहित अलग-अलग वर्गों के लोगों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पुलिस बल तैनात

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। स्थानीय पुलिस के अलावा मुजफ्फरपुर और वैशाली से करीब 250 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं। संबंधित मार्गों पर हर 100 मीटर की दूरी पर सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। जिला एवं स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

बेलसंड दुल्हन की तरह सजा, बुनियादी ढांचे का कायाकल्प

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बेलसंड को दुल्हन की तरह सजाया गया है। विद्यालय परिसर की रंगाई-पुताई के साथ वर्षों से बंद पड़े बस पड़ाव को आकर्षक रूप दिया गया है। बागमती के तटबंध की मरम्मत कर उसे सजाया गया है, जबकि कार्यक्रम स्थल पर कई नए स्टॉल भी बनाए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button