छत्तीसगढ़

ग्रामीण स्वास्थ्य को मजबूती—मंत्री ने शुरू की मोबाइल मेडिकल यूनिट

सरगुजा में पीएम जनमन मोबाइल मेडिकल यूनिट का शुभारंभ। मंत्री राजेश अग्रवाल ने दिखाई हरी झंडी, दूरस्थ और आदिवासी गांवों तक पहुंचेगी जांच, उपचार और निःशुल्क दवाइयों की सुविधा।

रायपुर. छत्तीसगढ़ सरकार ने जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने की दिशा में एक अहम पहल की है। इसी क्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने सरगुजा जिले के लखनपुर स्थित अपने निज निवास से पीएम जनमन मोबाइल मेडिकल यूनिट वैन को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।

दूरस्थ और आदिवासी अंचलों को मिलेगा सीधा लाभ

शुभारंभ अवसर पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार दूरस्थ और आदिवासी अंचलों में रहने वाले नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मोबाइल मेडिकल यूनिट्स उन क्षेत्रों तक पहुंचेंगी, जहां स्थायी स्वास्थ्य केंद्रों की कमी है। इससे समय पर जांच, निदान और उपचार संभव होगा और ग्रामीणों को अस्पताल जाने की कठिनाइयों से राहत मिलेगी।

जांच, उपचार और निःशुल्क दवाइयों की सुविधा

मंत्री ने जानकारी दी कि इन मोबाइल मेडिकल यूनिट्स में बुखार, खांसी, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, एनीमिया सहित अन्य सामान्य बीमारियों की जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की जाएंगी।

सरगुजा के लिए वरदान साबित होगी योजना

मंत्री अग्रवाल ने कहा कि यह योजना सरगुजा जिले के दूरस्थ गांवों के लिए वरदान सिद्ध होगी। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी व्यक्ति स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे। उन्होंने इसे जन-कल्याणकारी योजनाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया।

विभिन्न ब्लॉकों में घूमकर देगी सेवाएं

शुभारंभ समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। यह मोबाइल मेडिकल यूनिट सरगुजा जिले के विभिन्न ब्लॉकों में भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगी, जिससे जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का व्यापक विस्तार हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button