राज्य सरकार की प्राथमिकता तय, संकल्प से समाधान अभियान से हर पात्र हितग्राही को लाभ
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संकल्प से समाधान अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं होगा। योजनाओं का लाभ समय-सीमा में और पारदर्शी तरीके से दिया जाएगा।

भोपाल. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि संकल्प से समाधान अभियान जनसामान्य को कल्याणकारी एवं हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ सरल और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। अभियान के अंतर्गत सभी गतिविधियां तय समय-सीमा में पूरी की जाएं और किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने ये निर्देश भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास के समत्व भवन में आयोजित संकल्प से समाधान अभियान की समीक्षा बैठक के दौरान दिए।
संभागायुक्तों की बैठक में दिए सख्त निर्देश
बुधवार को आयोजित इस समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई सहित सभी संभागायुक्त उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अभियान का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाए।
योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अभियान के अंतर्गत राज्य सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि हर पात्र हितग्राही को योजनाओं की पूरी जानकारी मिल सके। उन्होंने संभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जिला, विकासखंड और ग्राम स्तर तक भ्रमण कर अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा करें।
स्वास्थ्य, स्वच्छता और शिक्षा पर केंद्रित गतिविधियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि संकल्प से समाधान अभियान के तहत स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता अभियान और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाली गतिविधियों को भी प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अभियान के बेहतर क्रियान्वयन के लिए सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लिया जाए, जिससे इसका लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।




