टेस्ट से किनारा, ODI पर फोकस! विराट कोहली को लेकर संजय मांजरेकर का तीखा हमला
संजय मांजरेकर ने विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कोहली ने कमियों पर काम करने के बजाय टेस्ट छोड़ा और वनडे को चुना, जो ज्यादा निराशाजनक है।

नई दिल्ली. पूर्व क्रिकेटर और दिग्गज कॉमेंटेटर संजय मांजरेकर ने विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास को लेकर बड़ी और तीखी टिप्पणी की है। मांजरेकर ने कहा कि किंग कोहली ने अपनी कमियों और समस्याओं पर काम करने के बजाय टेस्ट क्रिकेट से ही दूरी बना ली। उन्होंने कोहली द्वारा टेस्ट के मुकाबले वनडे क्रिकेट को तरजीह देने पर भी निराशा जताई।
10 हजार टेस्ट रन से 770 रन दूर थे कोहली
37 वर्षीय विराट कोहली पिछले साल टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहकर सभी को चौंका गए थे। खास बात यह रही कि वह टेस्ट में 10 हजार रन पूरे करने से महज 770 रन दूर थे। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर कोहली संघर्ष करते नजर आए थे, जहां 10 पारियों में उन्होंने सिर्फ 194 रन बनाए। इस दौरान पर्थ टेस्ट में उनका एक शतक जरूर शामिल रहा, लेकिन कुल मिलाकर प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा।
जो रूट और स्मिथ का उदाहरण देकर जताया अफसोस
मांजरेकर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर कहा कि जिस तरह जो रूट टेस्ट क्रिकेट में नई ऊंचाइयां छू रहे हैं, उन्हें विराट कोहली की याद आती है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में कोहली टेस्ट क्रिकेट में करीब 31 की औसत से रन बना रहे थे, लेकिन इस संघर्ष के दौर में उन्होंने समस्या की जड़ खोजने की पूरी कोशिश नहीं की।
उन्होंने आगे कहा कि स्टीव स्मिथ और केन विलियम्सन जैसे खिलाड़ी टेस्ट क्रिकेट में लगातार अपना नाम और विरासत मजबूत कर रहे हैं, जबकि कोहली का इस फॉर्मेट से दूर जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
वनडे को चुनना ज्यादा निराशाजनक
संजय मांजरेकर ने कहा, “अगर विराट कोहली क्रिकेट से पूरी तरह दूरी बना लेते, तो बात समझ में आती। लेकिन उन्होंने एकदिवसीय क्रिकेट खेलना चुना, जो मुझे ज्यादा निराश करता है। किसी टॉप ऑर्डर बल्लेबाज के लिए वनडे क्रिकेट सबसे आसान फॉर्मेट होता है।” मांजरेकर के इस बयान के बाद क्रिकेट जगत में एक बार फिर विराट कोहली के टेस्ट संन्यास पर बहस तेज हो गई है।




