मध्य प्रदेश

रतलाम में MD ड्रग का बड़ा भंडाफोड़! भारी जखीरा बरामद, 16 तस्कर गिरफ्तार

रतलाम के जावरा क्षेत्र में पुलिस ने एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। 10.9 किलो ड्रग्स, हथियार और 16 आरोपी गिरफ्तार, 15 करोड़ की बड़ी जब्ती।

रतलाम. रतलाम जिले के जावरा अनुभाग अंतर्गत ग्राम चिकलाना में पुलिस ने एमडी ड्रग्स बनाने की एक बड़ी फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से करीब 10 किलो 900 ग्राम एमडी ड्रग्स, लगभग 2 किलो केमिकल का घोल और भारी मात्रा में अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की है। इस मामले में अब तक 16 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस को 91 जिंदा कारतूस, 12 बोर की दो बंदूकें, दो चंदन के पेड़ों की लकड़ियां और दो जिंदा मोर भी मिले हैं। वन्यजीव मिलने की सूचना के बाद वन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। जब्त केमिकल की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपए बताई जा रही है, जबकि कुल जब्ती की कीमत लगभग 15 करोड़ रुपए आंकी गई है।

अल सुबह 3–4 बजे पुलिस का बड़ा एक्शन

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने यह पूरी कार्रवाई शुक्रवार अल सुबह 3 से 4 बजे के बीच अंजाम दी, जब गांव और शहर के लोग गहरी नींद में थे। यह दबिश दिलावर पठान नामक व्यक्ति के मकान पर दी गई, जहां बड़े पैमाने पर एमडी ड्रग्स का निर्माण किया जा रहा था।

अब तक क्या-क्या बरामद हुआ

  • 10 किलो 900 ग्राम एमडी ड्रग्स
  • 16 आरोपी गिरफ्तार
  • 3 करोड़ रुपए मूल्य का केमिकल
  • कुल 15 करोड़ रुपए की अनुमानित जब्ती
  • 91 जिंदा कारतूस
  • 12 बोर की 2 बंदूकें
  • चंदन की लकड़ियां
  • 2 जिंदा मोर

भोपाल से बनी अस्थायी कंट्रोल रूम व्यवस्था

कार्रवाई के वक्त एसपी अमित कुमार भोपाल में मौजूद थे। उन्होंने वहीं से एक अस्थायी कंट्रोल रूम बनाकर पूरी कार्रवाई की निगरानी की और टीम को लगातार निर्देश दिए। तस्करों की मोबाइल लोकेशन के आधार पर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया गया।

मौके पर रतलाम ग्रामीण के एडिशनल एसपी विवेक लाल, जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय सहित जावरा, कालूखेड़ा और आसपास के थाना क्षेत्रों का पुलिस बल मौजूद है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि थोड़ी देर में पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा। फिलहाल आगे की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button