देश

PM मोदी का बड़ा संदेश: स्टार्टअप इकोसिस्टम की ताकत हैं भारत के युवा

मन की बात के 130वें एपिसोड में पीएम मोदी ने जन-भागीदारी से पर्यावरण संरक्षण, भारतीय संस्कृति और स्टार्टअप इंडिया के 10 साल पर बात की, युवाओं से गुणवत्ता पर जोर दिया।

नई दिल्ली. नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात के 130वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। यह वर्ष 2026 में मन की बात का पहला एपिसोड था। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के लोग बेहद इनोवेटिव हैं और समस्याओं का समाधान स्वयं खोज लेते हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ और आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में स्थानीय लोगों द्वारा की गई पर्यावरण संरक्षण की पहलों का उल्लेख करते हुए जन-भागीदारी की ताकत पर जोर दिया।

तमसा नदी और अनंतपुर की पहल का किया जिक्र

प्रधानमंत्री मोदी ने तमसा नदी के पुनरुद्धार की कहानी साझा करते हुए बताया कि अयोध्या से निकलकर गंगा में मिलने वाली यह नदी कभी स्थानीय जीवन की धुरी थी, लेकिन प्रदूषण के कारण इसकी धारा प्रभावित हो गई थी। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ के लोगों ने मिलकर सफाई अभियान चलाया, किनारों पर पेड़ लगाए और नदी को नया जीवन दिया।

इसी तरह, आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में लंबे समय से सूखे की समस्या रही है। यहां ‘अनंत निरु संकल्प प्रोजेक्ट’ के तहत स्थानीय लोगों ने करीब 10 जलाशयों की सफाई कर उन्हें पुनर्जीवित किया। पीएम मोदी ने कहा कि इससे जल संरक्षण के साथ-साथ ग्रीन कवर बढ़ा और पूरा इकोसिस्टम बेहतर हुआ।

प्रधानमंत्री ने कहा, “आजमगढ़ हो या अनंतपुर, जब लोग एकजुट होकर संकल्प लेते हैं तो बड़े बदलाव संभव होते हैं। यही हमारे देश की सबसे बड़ी ताकत है।”

दुनिया में भारतीय संस्कृति की बढ़ती पहचान

पीएम मोदी ने कहा कि भारत की संस्कृति और त्योहार आज दुनिया भर में पहचान बना रहे हैं। जहां भी भारतीय रहते हैं, वे अपनी सांस्कृतिक मूल भावना को संरक्षित रखते हैं।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि मलेशिया में 500 से ज्यादा तमिल स्कूल हैं, जहां तमिल भाषा के साथ अन्य विषय भी तमिल में पढ़ाए जाते हैं। इसके अलावा तेलुगु और पंजाबी जैसी भारतीय भाषाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।

‘स्टार्टअप इंडिया’ के हीरो हमारे युवा: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘स्टार्टअप इंडिया’ के 10 साल पूरे होने का जिक्र करते हुए देश के युवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनवरी 2016 में शुरू हुई यह यात्रा आज भारत को दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बना चुकी है।

पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय स्टार्टअप्स एआई, स्पेस, न्यूक्लियर एनर्जी, सेमीकंडक्टर, मोबिलिटी, ग्रीन हाइड्रोजन और बायोटेक्नोलॉजी जैसे उन क्षेत्रों में काम कर रहे हैं, जिनकी 10 साल पहले कल्पना भी मुश्किल थी। उन्होंने कहा, “इस अद्भुत यात्रा के असली हीरो हमारे युवा साथी हैं।”

‘गुणवत्ता, गुणवत्ता और सिर्फ गुणवत्ता’ का आह्वान

प्रधानमंत्री ने उद्योग और स्टार्टअप से जुड़े युवाओं से अपील करते हुए कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है और दुनिया की नजरें भारत पर हैं। ऐसे में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि टेक्सटाइल, टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स से लेकर पैकेजिंग तक—भारतीय उत्पाद का मतलब दुनिया में उच्च गुणवत्ता होना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button