75 लाख की लूट का खुलासा: होटल कर्मचारी ने रची साजिश, 4 आरोपी धराए
नरसिंहपुर के होटल कुसुम वैली में हुई 80 लाख की लूट का पुलिस ने खुलासा किया। होटल कर्मचारी ही निकले मास्टरमाइंड, 4 आरोपी गिरफ्तार, 3 फरार।

नरसिंहपुर. जिला मुख्यालय के मुशरान पार्क चौराहा स्थित होटल कुसुम वैली में हुई करीब 75 से 80 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
देर रात हुई वारदात, सुबह तक खुल गया मामला
2–3 जनवरी की दरमियानी रात करीब 2.30 बजे, होटल कुसुम वैली के कर्मचारियों ने थाना पहुंचकर सूचना दी कि 3–4 नकाबपोश बदमाशों ने होटल में जबरन घुसकर नकद राशि लूट ली है। सूचना मिलते ही सुबह करीब 4 बजे पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के साथ स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए।
होटल कर्मचारी की मिलीभगत से रची गई लूट की साजिश
जांच में सामने आया कि होटल कर्मचारी अनुज कुमार वाल्मीकि को होटल में रखी बड़ी नकदी की पूर्व जानकारी थी। लालच में आकर उसने यह जानकारी होटल के रात्रिकालीन मैनेजर चंद्रेश रजक और कर्मचारी राकेश कुमार शुक्ला को दी।
इसके बाद अनुज ने अपने साथी मोनू उर्फ डइया वंशकार (निवासी रिप्टापार) से संपर्क कर रकम लूटने की साजिश रची। योजना के अनुसार मोनू अपने तीन साथियों के साथ होटल पहुंचा, जहां मौजूद कर्मचारियों के साथ दिखावटी मारपीट की गई और ड्राज में रखी नकद राशि निकालकर आरोपी फरार हो गए।
CCTV फुटेज से खुली साजिश की परतें
पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण भौतिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। होटल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज लूट की साजिश उजागर करने में अहम कड़ी साबित हुई, जिसके आधार पर पुलिस ने तेजी से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
चार आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश जारी
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने देर शाम आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि मामले में—
- चंद्रेश रजक, निवासी यादव कॉलोनी, नरसिंहपुर
- राकेश कुमार शुक्ला, निवासी लखीमपुर खीरी (उ.प्र.), हाल निवास नरसिंहपुर
- अनुज कुमार वाल्मीकि, निवासी लखीमपुर खीरी (उ.प्र.), हाल निवास नरसिंहपुर
- मोनू उर्फ डइया वंशकार, निवासी रिप्टापार, नरसिंहपुर
- को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, घटना में शामिल तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं।




