ओला-बारिश के बाद एमपी में गिरा तापमान, पचमढ़ी सबसे ठंडा शहर
मध्य प्रदेश में ठंड और घना कोहरा बढ़ा, 20+ जिलों में दृश्यता घटी। पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा। 31 जनवरी से मावठा गिरने की संभावना, जानें अलर्ट वाले जिले।

भोपाल. मध्य प्रदेश में ओलावृष्टि और बारिश का दौर थमने के बाद सर्दी का असर एक बार फिर तेज हो गया है। गुरुवार सुबह प्रदेश के बड़े हिस्से घने कोहरे की चपेट में रहे। भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन और इंदौर सहित 20 से अधिक जिलों में मध्यम से घना कोहरा दर्ज किया गया। कई स्थानों पर सुबह 9–10 बजे तक सूरज के दर्शन नहीं हुए, जिससे जनजीवन और यातायात प्रभावित रहा।
मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर और दतिया में सबसे घना कोहरा रिकॉर्ड किया गया, जहां दृश्यता बेहद कम रही। कोहरे के कारण हाईवे और शहरी सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। सुबह स्कूल और दफ्तर जाने वालों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पचमढ़ी सबसे ठंडा, 6.2 डिग्री दर्ज
प्रदेश में कड़ाके की ठंड के बीच पचमढ़ी सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंदसौर में 7.3 डिग्री, धार और शिवपुरी में 9 डिग्री, राजगढ़ में 9.5 डिग्री तथा नीमच के मरूखेड़ा में 9.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
सर्द हवाओं का असर जारी, 31 से मावठे का अनुमान
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में सक्रिय है। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में कम दृश्यता बनी रहेगी और सर्द हवाओं का असर जारी रहेगा। अगले दो दिनों में कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि 31 जनवरी से मावठा गिरने के आसार जताए गए हैं।
इन जिलों में कोहरे का अलर्ट
30 जनवरी: उत्तरी मध्य प्रदेश में सुबह हल्का कोहरा छा सकता है। बारिश का कोई अलर्ट नहीं, लेकिन दिन-रात ठंड बढ़ेगी।
31 जनवरी: ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़ और शाजापुर में कोहरे की संभावना।
1 फरवरी: भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर सहित मध्य और उत्तर मध्य प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में सुबह के समय कोहरा रह सकता है।
रात की ठंड बढ़ी, कई शहरों में देर से निकली धूप
रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। पचमढ़ी के अलावा मंडला, उमरिया, शहडोल, रीवा और सागर में ठंड का असर तेज रहा। जबलपुर में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा और करीब 10:30 बजे के बाद धूप निकलने से राहत मिली।




