MP सरकार का मेगा ऐलान: किसानों के नाम मुफ्त होगी जमीन की रजिस्ट्री
ग्वालियर किसान सम्मेलन में सीएम मोहन यादव ने पट्टाधारी किसानों के नाम जमीन की रजिस्ट्री कराने और पूरा खर्च सरकार द्वारा वहन करने की घोषणा की। बजट 2026 में गरीब कल्याण, सिंहस्थ और रोजगार योजनाओं पर बड़ा फोकस।

ग्वालियर. किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पट्टाधारी किसानों को बड़ी राहत देते हुए ऐलान किया कि पट्टे की जमीन की रजिस्ट्री किसानों के नाम कराई जाएगी। इससे किसान अपनी जमीन के आधार पर बैंक से लोन ले सकेंगे। सबसे बड़ी बात यह है कि रजिस्ट्री पर आने वाला पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी, जिस पर करीब 3500 करोड़ रुपए खर्च होंगे। कार्यक्रम में 87 करोड़ 21 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया गया।
ग्रामीणों को मालिकाना हक देने के लिए नया नवाचार
सीएम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में जमीन के मालिकाना अधिकार देने के लिए नई व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके तहत मुद्रांक एवं पंजीयन शुल्क राज्य सरकार खुद भरेगी। उन्होंने इसे देश में अपनी तरह का पहला नवाचार बताया। इसके लिए बजट में 3800 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
MP Budget 2026 को बताया समृद्ध मध्यप्रदेश का रोडमैप
मुख्यमंत्री ने MP Budget 2026 को समृद्ध, सुखद और संपन्न मध्यप्रदेश के निर्माण का आधार बताया। बजट में जरूरतमंदों, किसानों, श्रमिकों और ग्रामीण विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं।
सिंहस्थ 2028 के लिए 13,851 करोड़ के काम स्वीकृत
उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ 2028 को लेकर बड़े पैमाने पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इससे जुड़े 13,851 करोड़ रुपए के कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 3,060 करोड़ रुपए का प्रावधान वर्ष 2026-27 के बजट में किया गया है।
पोषण और रोजगार योजनाओं पर जोर
- यशोदा दुग्ध प्रदाय योजना के लिए 700 करोड़ रुपए का प्रावधान
- अगले पांच वर्षों में इस योजना पर 6,600 करोड़ रुपए खर्च होंगे
- विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के लिए 10,428 करोड़ रुपए
गरीब कल्याण योजनाओं के लिए बड़ा बजट
प्रदेश सरकार ने गरीब कल्याण पर विशेष फोकस किया है—
- मुख्यमंत्री जन कल्याण (संबल 2.0) योजना – 600 करोड़ रुपए
- प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी एवं ग्रामीण) – 4,500 करोड़ रुपए
87 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन
किसान सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने 87 करोड़ 21 लाख रुपए की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। कुलैथ गांव के लिए दिए गए मांग पत्र को स्वीकार करते हुए सभी कार्यों को पूरा कराने का आश्वासन दिया गया।
किसानों और लोक कलाकारों के लिए प्रोत्साहन राशि
- कन्हैया गायन करने वाली प्रत्येक टीम को 5,000 रुपए
- बैलगाड़ी दौड़ में शामिल प्रत्येक किसान को 5,000 रुपए
- प्रथम स्थान – 21,000 रुपए
- द्वितीय स्थान – 11,000 रुपए
कुलैथ गांव के लिए विशेष घोषणाएं
- महेश्वरा खदान शुरू कराने के लिए केंद्र से अनुमति का प्रयास
- डांडेवाले बाबा मंदिर तक सड़क और ट्रांसफार्मर
- जगन्नाथ मंदिर में यात्रियों के लिए भवन और सड़क
- गांव में खेल मैदान का निर्माण
- आसपास उद्योग स्थापित किए जाएंगे




