संक्रांति पर मौसम का डबल रंग! कहीं धूप तो कहीं कंपकंपाती सर्दी, ग्वालियर ठिठुरा
मकर संक्रांति पर मध्यप्रदेश में ठंड से हल्की राहत मिलने की संभावना है। कोल्ड वेव का अलर्ट नहीं, मौसम शुष्क रहेगा। जानिए प्रदेश के सबसे ठंडे शहरों और आगे के मौसम का अपडेट।

भोपाल. मध्यप्रदेश में इस बार ठंड ने पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बर्फीली हवाओं और घने कोहरे का असर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बना हुआ है। हालांकि मकर संक्रांति के अवसर पर लोगों को ठंड से हल्की राहत मिलने की संभावना जताई गई है। मंगलवार सुबह कई जिलों में मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिला, जबकि कुछ क्षेत्रों में हल्का कोहरा छाया रहा। राहत की बात यह है कि आज प्रदेश के किसी भी जिले में न तो कोल्ड डे और न ही शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।
ग्वालियर–बुंदेलखंड में सर्द हवाओं का असर बरकरार
शीतलहर की चेतावनी नहीं होने के बावजूद प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में ठंड का असर सबसे अधिक महसूस किया जा रहा है। ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड अंचल में सर्द हवाओं के चलते तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मंगलवार को प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान कटनी जिले का करौंदी रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मकर संक्रांति पर पतंगबाजी के लिए अनुकूल मौसम
मौसम के इस मिजाज को देखते हुए मकर संक्रांति पर पतंगबाजी के शौकीनों के लिए हालात अनुकूल रहेंगे। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के अनुसार बुधवार को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और अगले चार दिनों तक इसी तरह के मौसम बने रहने का अनुमान है। साफ आसमान और हल्की धूप के बीच पतंग उड़ाने में किसी तरह की बाधा नहीं आएगी, खासकर मालवा-निमाड़ क्षेत्र में।
पिछले 24 घंटों में कैसा रहा मौसम
बीते 24 घंटों में मध्यप्रदेश के कई इलाकों में रात का तापमान रिकॉर्ड स्तर तक गिर गया। राजधानी भोपाल में भी न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट देखी गई, जिससे रात के समय लोगों को तेज ठंड का सामना करना पड़ा। दिन में भी ठंडी हवाओं के कारण शीतलहर जैसा असर महसूस हुआ। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं ने पूरे प्रदेश में ठंड का दायरा बढ़ा दिया है।
सबसे ठंडे शहर और तापमान का हाल
सोमवार–मंगलवार की रात ग्वालियर, छतरपुर का नौगांव और कटनी का करौंदी सबसे ठंडे रहे।
- करौंदी: 4.7°C
- चित्रकूट: 5.3°C
- नौगांव: 5.5°C
- पचमढ़ी: 5.8°C
- खजुराहो: 6.0°C
वहीं भोपाल में 10.2°C, इंदौर में 9.5°C, उज्जैन में 11°C और जबलपुर में 9.5°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
कोहरे से ट्रेनों की टाइमिंग प्रभावित
घने कोहरे के चलते दिल्ली से भोपाल, इंदौर और उज्जैन आने वाली कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। मालवा एक्सप्रेस, पंजाब मेल, जनशताब्दी, झेलम और सचखंड एक्सप्रेस सहित एक दर्जन से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुई हैं।
आगे कैसा रहेगा मौसम, नया सिस्टम होगा एक्टिव
मौसम विभाग के अनुसार 15 जनवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय हो रहा है। यह सिस्टम मजबूत बताया जा रहा है, जिसके प्रभाव से 2–3 दिन बाद मध्यप्रदेश के उत्तरी हिस्सों में मावठा गिरने की संभावना है। फिलहाल अगले तीन से चार दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।




