राजनीतिक

‘भगवान राम मुस्लिम थे’ कहने पर बवाल, TMC विधायक मदन मित्रा घिरे

भगवान राम को लेकर टीएमसी विधायक मदन मित्रा की कथित टिप्पणी से बंगाल की राजनीति में विवाद, भाजपा का तीखा हमला, टीएमसी ने बनाई दूरी, वीडियो को एआई-जनरेटेड बताया गया।

कोलकाता. पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री मदन मित्रा एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। भगवान राम को लेकर उनकी कथित टिप्पणी सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

इंटरनेट मीडिया पर वायरल एक वीडियो क्लिप में टीएमसी विधायक को यह कहते हुए सुना जा रहा है कि भगवान राम मुस्लिम थे। इस कथित बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने टीएमसी पर जमकर निशाना साधा है।

भाजपा ने टीएमसी पर साधा निशाना

बंगाल भाजपा ने गुरुवार को अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर उत्तर 24 परगना जिले के कमरहट्टी से विधायक मदन मित्रा के भाषण का वीडियो साझा किया। पार्टी ने इसे हिंदू भावनाओं का अपमान करार दिया है।

भाजपा द्वारा साझा किए गए वीडियो में मदन मित्रा को एक सार्वजनिक सभा के दौरान भगवान राम को लेकर विवादास्पद टिप्पणी करते हुए सुना जा सकता है। हालांकि, दैनिक जागरण ने इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है।

भाजपा ने पोस्ट में लिखा— “हमारी संस्कृति और इतिहास का यह लगातार अपमान है। यह अवैध बांग्लादेशियों को साफ संदेश देता है कि टीएमसी सबसे ‘हिंदू-विरोधी’ पार्टी है और उनके विश्वासों का प्रतिनिधित्व करती है।” साथ ही भाजपा ने टीएमसी को चुनौती दी कि वह मदन मित्रा के खिलाफ कार्रवाई करे।

टीएमसी ने विधायक के बयान से बनाई दूरी

विवाद बढ़ने के बाद सत्तारूढ़ टीएमसी ने अपने विधायक के कथित बयान से खुद को अलग कर लिया है। पार्टी प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा, “हम सभी रामायण और अयोध्या के बारे में जानते हैं। मदन मित्रा जो कह रहे हैं, उस पर हम कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।”

विधायक के करीबियों ने वीडियो को बताया फर्जी

इस पूरे विवाद पर मदन मित्रा की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि, उनके करीबी सूत्रों का दावा है कि वायरल वीडियो झूठा, मनगढ़ंत और एआई-जनरेटेड है।

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब मदन मित्रा अपने बयानों को लेकर विवादों में घिरे हों। इससे पहले भी उनके कई बयान राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा का विषय बन चुके हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button