मध्य प्रदेश

कपड़े बदले, रास्ते बदले… इंदौर महिला हत्या केस में आरोपी फरार

इंदौर में महिला हत्या मामले के आरोपी कपड़े बदलकर फरार, सीसीटीवी से पुलिस को चकमा। युवक अपहरण-हत्या केस में बदमाश बिहार भागे, तलाश जारी।

इंदौर. बाणगंगा थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले में शामिल बदमाश पुलिस को लगातार चकमा दे रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों का पीछा कर रही है, लेकिन वे कपड़े बदलकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि करीब 20 किलोमीटर तक घूमने के बाद भी आरोपी दोबारा घटना स्थल के आसपास ही देखे गए हैं।

बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित नंदबाग निवासी गायत्री धीमान की उनके ही घर में गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद बदमाशों ने महिला के हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंसकर फरार हो गए।

गायत्री सुपर कॉरिडोर स्थित एक आईटी कंपनी में हाउसकीपिंग का कार्य करती थीं। पुलिस द्वारा घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में दो बदमाश स्कूटर से भागते हुए दिखाई दिए। टिगरिया बादशाह क्षेत्र के फुटेज जोड़ने पर सामने आया कि पुलिस को भ्रमित करने के लिए आरोपितों ने रास्ते में कपड़े भी बदले थे।

जोन-3 के डीसीपी राजेश व्यास ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है और इनाम भी घोषित किया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतका की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) में कोई संदिग्ध नंबर नहीं मिला है, वहीं स्वजन ने भी किसी की पहचान से इनकार किया है।

युवक अपहरण व हत्या मामला: फरार बदमाश बिहार भागे

बाणगंगा थाना क्षेत्र के 28 वर्षीय युवक के अपहरण और बर्बर पिटाई के मामले में फरार बदमाश बिहार भाग गए हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

जानकारी के अनुसार, जमीन विवाद को लेकर युवक के चाचा-चाची और उनके साथियों ने उसका अपहरण किया था। आरोपित युवक को शाजापुर स्थित एक दोस्त के खेत में ले गए, जहां उसे पेड़ से बांधकर पीटा गया और गरम सरिये से नाजुक अंगों पर दागा गया। आरोपितों ने बचाव के लिए पीड़ित के खिलाफ ही नाबालिग बेटी से दुष्कर्म की झूठी रिपोर्ट भी दर्ज करवा दी।

गंभीर चोटों के चलते युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने चाचा-चाची समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button