मध्य प्रदेश

छात्रा को बनाया हवस का शिकार, फिर वीडियो से करता रहा ब्लैकमेल; अब सलाखों के पीछे

इंदौर में एमबीए छात्रा हत्याकांड में बड़ा खुलासा, दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हत्या करने वाला सहपाठी पीयूष धामनोदिया मुंबई से गिरफ्तार। ब्लैकमेलिंग एंगल की भी जांच।

इंदौर. मध्य प्रदेश के इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में चार दिन से लापता एमबीए छात्रा की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दुष्कर्म के बाद रस्सी से गला घोंटकर हत्या करने वाले फरार सहपाठी पीयूष धामनोदिया को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की मोबाइल लोकेशन ट्रेस होने के बाद मुंबई पुलिस की मदद से उसे अंधेरी इलाके से पकड़ा गया।

द्वारकापुरी थाना पुलिस की टीम आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेने मुंबई पहुंच गई है और देर शाम तक उसे इंदौर लाया जाएगा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी से पूछताछ के बाद हत्या की असली वजह और पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने की उम्मीद है। वहीं छात्रा का पोस्टमार्टम भी कराया जा रहा है।

10 फरवरी से लापता थी छात्रा

पुलिस के अनुसार सांवेर रोड स्थित एक कॉलेज में एमबीए सेकेंड ईयर में पढ़ने वाली 24 वर्षीय छात्रा 10 फरवरी को घर से दस्तावेज अपडेट कराने का कहकर निकली थी। उसके पिता उसे मोती तबेला फायर स्टेशन के पास छोड़कर लौट गए थे।

शाम को छात्रा ने अपनी छोटी बहन को फोन कर बताया था कि वह द्वारकापुरी की अंकली गली में किराए से रहने वाले सहपाठी पीयूष धामनोदिया के साथ एक दोस्त के जन्मदिन में जा रही है। रात में उसके मोबाइल से मैसेज आया कि वह घर नहीं आएगी। अगले दिन संपर्क नहीं होने पर 11 फरवरी को परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

आरोपी के कमरे से मिला शव

जांच के दौरान पुलिस को छात्रा का नग्न शव उसके घर से करीब आधा किलोमीटर दूर आरोपी के किराए के कमरे से मिला। शव कंबल से ढंका हुआ था और कमरे पर बाहर से ताला लगा था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या रस्सी से गला घोंटकर की गई। शव पर धारदार हथियार से हमले के निशान भी मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की सटीक वजह स्पष्ट होगी।

आपत्तिजनक वीडियो से ब्लैकमेल का आरोप

डीसीपी जोन-1 कृष्ण लालचंदानी के मुताबिक जांच में पता चला कि आरोपी मंदसौर के कालाखेत रोड का रहने वाला है और उसके पिता की धानमंडी में किराना दुकान है।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि कॉलेज के व्हाट्सएप ग्रुप पर छात्रा के मोबाइल से आपत्तिजनक वीडियो वायरल किए गए थे, जिनमें छात्रा का चेहरा साफ दिख रहा था जबकि आरोपी ने अपना चेहरा इमोजी से छिपा रखा था। आरोप है कि पीयूष इन वीडियो के जरिए छात्रा को ब्लैकमेल कर रहा था और उसके परिचितों को भी भेज रहा था।

ऐसे मिला आरोपी का सुराग

मोबाइल टॉवर लोकेशन मुंबई मिलने के बाद इंदौर पुलिस ने तुरंत अंधेरी पुलिस स्टेशन को सूचना देकर आरोपी की फोटो भेजी। इसके आधार पर मुंबई पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अब आरोपी को इंदौर लाकर गहन पूछताछ की जाएगी, जिससे पूरे हत्याकांड की परतें खुलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button