लखनऊ एयरपोर्ट पर अलर्ट: फ्लाइट में बम की धमकी, इमरजेंसी लैंडिंग से मचा हड़कंप
दिल्ली-बागडोगरा इंडिगो फ्लाइट में बम की सूचना से हड़कंप, लखनऊ एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग। जांच जारी, कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। साथ ही लखनऊ–अजमेर फ्लाइट 24 जनवरी से बंद।

लखनऊ. आसमान में उड़ रही एक यात्री विमान में बम की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया। दिल्ली से बागडोगरा जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट को एहतियातन लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। फ्लाइट के बाथरूम में टिश्यू पेपर पर ‘फ्लाइट में बम है’ लिखा मिला, जिसके बाद तत्काल सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया।
टिश्यू पेपर पर लिखी धमकी, यात्री की सूचना से मचा अलर्ट
फ्लाइट में सफर कर रहे एक यात्री ने बाथरूम में टिश्यू पेपर पर बम की सूचना लिखी देखी और तुरंत इसकी जानकारी क्रू मेंबर को दी। इसके बाद पायलट ने एटीसी से इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।
230 यात्रियों के साथ सुरक्षित उतरी फ्लाइट
इंडिगो की फ्लाइट 6E-6650 से रविवार सुबह करीब 8:46 बजे एटीसी को बम की सूचना दी गई। अलर्ट मिलते ही लखनऊ एयरपोर्ट पर आपात तैयारियां की गईं। विमान में 230 यात्री, दो पायलट और पांच क्रू मेंबर सवार थे। इमरजेंसी लैंडिंग के बाद विमान को आइसोलेशन बे में पार्क कराया गया।
कोने-कोने की तलाशी, अब तक कुछ संदिग्ध नहीं
लैंडिंग के बाद विमान की सघन तलाशी शुरू की गई। सुरक्षा एजेंसियों ने विमान के हर हिस्से की जांच की। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, जिससे यात्रियों और अधिकारियों ने राहत की सांस ली है।
पुलिस का बयान
इस संबंध में एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा ने बताया कि फायर ब्रिगेड और बम निरोधक दस्ता (BDS) द्वारा विमान की जांच कराई जा रही है।
उन्होंने कहा, “अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। टिश्यू पेपर पर बम की सूचना किसने लिखी, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।”
24 जनवरी से लखनऊ–अजमेर की सीधी फ्लाइट बंद
परिचालन कारणों से उड़ान सेवा स्थगित: उधर, ‘उड़ान’ योजना के तहत शुरू की गई लखनऊ से किशनगढ़ (अजमेर) की सीधी फ्लाइट 24 जनवरी के बाद बंद की जा रही है। यात्रियों को इसके पीछे परिचालन कारण बताए गए हैं।
स्टार एयर की थी एकमात्र सीधी सेवा
लखनऊ–किशनगढ़ रूट पर स्टार एयर एकमात्र एयरलाइन थी, जो सीधी कनेक्टिविटी प्रदान कर रही थी। यह सेवा 16 फरवरी 2024 को शुरू की गई थी।
फ्लाइट एस5-223 सुबह 10:45 बजे लखनऊ से रवाना होकर 12:05 बजे किशनगढ़ पहुंचती थी, जबकि फ्लाइट एस5-222 दोपहर 3:35 बजे किशनगढ़ से उड़ान भरकर 4:55 बजे लखनऊ पहुंचती थी। दोनों शहरों के बीच उड़ान समय लगभग 1 घंटा 20 मिनट था। यह सेवा सप्ताह में चार दिन संचालित होती थी।




