खेल

भारतीय टेनिस को नई उड़ान; टीपीएल मिशन का हिस्सा हैं हम — लिएंडर पेस

भारतीय टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस ने टेनिस प्रीमियर लीग (टीपीएल) की सफलता पर खुशी जताते हुए इसे देश में टेनिस की लोकप्रियता बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम बताया है।

अहमदाबाद. भारतीय टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी लिएंडर पेस ने टेनिस प्रीमियर लीग (टीपीएल) की सफलता पर खुशी जताते हुए इसे देश में टेनिस की लोकप्रियता बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम बताया है।

देशभर में टेनिस को लोकप्रिय बनाने की पहल

लिएंडर पेस ने कहा, “अहमदाबाद में होना बहुत अच्छा लग रहा है। यहां का मौसम शानदार है और टेनिस प्रीमियर लीग का रोमांचक खेल देखना पूरे देश में टेनिस को बढ़ाने और लोकप्रिय बनाने के हमारे सपने का हिस्सा है।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं सानिया, रोहन, महेश और लीग को समर्थन देने वाले सभी लोगों का आभारी हूं। इस लीग के जरिए जूनियर्स, प्रोफेशनल्स, लड़के और लड़कियों को एक साथ लाकर एक अंतरराष्ट्रीय फ्लेवर दिया गया है, जो इसे बेहद खास बनाता है।”

जीएस दिल्ली एसेस के ब्रांड एंबेसडर के रूप में पेस

लिएंडर पेस टेनिस प्रीमियर लीग में जीएस दिल्ली एसेस के ब्रांड एंबेसडर के तौर पर शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा, “सीजन बहुत अच्छा चल रहा है। मैं अपनी टीम को लेकर थोड़ा पक्षपाती हूं। दिल्ली एसेस फिलहाल शीर्ष पर है, लेकिन अभी बहुत टेनिस बाकी है। इस लीग का फॉर्मेट बेहद मजेदार है।”

युवाओं को मेंटर करना देता है प्रेरणा

अपनी भूमिका पर बात करते हुए पेस ने कहा, “40 साल तक देश के लिए खेलना, 20 ग्रैंड स्लैम जीतना और 7 ओलंपिक में हिस्सा लेना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। अब बच्चों को मेंटर करना और ऐसी लीग तैयार करना, जहां वे दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों के खिलाफ खेल सकें और आगे बढ़ सकें, मुझे सबसे ज्यादा प्रेरित करता है।”

लीग को वैश्विक स्तर पर ले जाने की योजना

उन्होंने कहा, “टेनिस प्रीमियर लीग अपने लगातार सातवें सीजन में है और इस पर हमें गर्व है। भविष्य में इसे वैश्विक स्तर पर ले जाया जा सकता है। अबू धाबी, दुबई और सिंगापुर जैसे शहरों में बड़े स्पॉन्सर और दर्शकों की अपार संभावनाएं हैं। हालांकि, इस लीग का आयोजन भारत में होना मुझे सबसे ज्यादा खुशी देता है।”

मुकाबले का हाल

टूर्नामेंट के तीसरे दिन एसजी पाइपर्स बेंगलुरु और जीएस दिल्ली एसेस के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें दिल्ली एसेस को 49-51 से हार का सामना करना पड़ा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button