मैच का टर्निंग पॉइंट: चिमुगोरो की घातक गेंद, वेदांत त्रिवेदी ढेर
U-19 वर्ल्ड कप 2026 सुपर सिक्स में भारत बनाम जिम्बाब्वे मुकाबला, सूर्यवंशी का तूफानी अर्धशतक, चिमुगोरो ने दिलाए अहम झटके।

नई दिल्ली. अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर सिक्स राउंड में आज भारत और जिम्बाब्वे की टीमें आमने-सामने हैं। यह मुकाबला बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है। सुपर सिक्स का यह छठा मैच है और ग्रुप-2 में शामिल भारत व जिम्बाब्वे का इस राउंड में यह पहला मुकाबला है। जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है।
आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने तीनों मैच जीते थे। भारत ने अमेरिका, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड को हराकर सुपर सिक्स में प्रवेश किया। वहीं, मेजबान जिम्बाब्वे को पाकिस्तान और इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, जबकि स्कॉटलैंड के खिलाफ मुकाबला बारिश के कारण रद्द रहा।
यूथ वनडे क्रिकेट में जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड बेहद मजबूत रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए छह मुकाबलों में भारत ने सभी में जीत दर्ज की है।
एरॉन जॉर्ज आउट
भारत को पहला झटका एरॉन जॉर्ज के रूप में लगा। उन्हें मजाई ने पांचवें ओवर की पहली गेंद पर पवेलियन भेजा। जॉर्ज ने 16 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 23 रन बनाए। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी (19*) के साथ 41 रनों की साझेदारी की।
सूर्यवंशी का तूफानी अंदाज
वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखते हुए महज 24 गेंदों में तूफानी अर्धशतक जड़ा। उनकी पारी में चार चौके और चार छक्के शामिल रहे।
डबल झटका: म्हात्रे और सूर्यवंशी आउट
11वें ओवर में टाटेंडा चिमुगोरो ने भारत को दोहरा झटका दिया। पहले कप्तान आयुष म्हात्रे 19 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुए, फिर ओवर की पांचवीं गेंद पर सूर्यवंशी 52 रन बनाकर पवेलियन लौटे। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 56 रनों की अहम साझेदारी हुई।
रनों की रफ्तार पर ब्रेक
15 ओवर के बाद भारत का स्कोर 127/3 रहा। उस समय क्रीज पर विहान मल्होत्रा 14 और वेदांत त्रिवेदी 13 रन बनाकर मौजूद थे।
वेदांत त्रिवेदी भी आउट
17वें ओवर में चिमुगोरो ने वेदांत त्रिवेदी को आउट कर भारत को एक और झटका दिया। वेदांत ने 18 गेंदों में 15 रन बनाए, जिसमें एक छक्का शामिल था। इसके बाद अभिज्ञान कुंडू क्रीज पर आए।




