ग्राहकों की बढ़ी बेचैनी, ग्वालियर मेले में RTO छूट के चलते थमी 1000 गाड़ियों की डिलीवरी
ग्वालियर व्यापार मेला 2026 में 50% RTO टैक्स छूट का ऐलान, लेकिन नोटिफिकेशन में देरी से वाहन डिलीवरी अटकी। उज्जैन मेले की छूट से ग्वालियर की बिक्री पर असर।

ग्वालियर. ग्वालियर व्यापार मेला वर्षों से वाहन खरीदारों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है। इसकी सबसे बड़ी वजह मेले में मिलने वाली 50 प्रतिशत RTO टैक्स छूट है, जो ऑटोमोबाइल सेक्टर में बिक्री को रफ्तार देती है। इस साल भी ग्वालियर में छूट का ऐलान हो चुका है, लेकिन नोटिफिकेशन में देरी के चलते जहां ग्राहकों को इंतजार करना पड़ रहा है, वहीं व्यापारियों में बिक्री घटने की चिंता गहराती जा रही है।
डबल मुनाफे की उम्मीद, डिलीवरी पर ब्रेक
हर साल की तरह इस बार भी RTO टैक्स में 50% छूट के चलते ग्राहकों को वाहनों पर बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद थी। ऊपर से GST में राहत ने इस बार डबल मुनाफे का माहौल बनाया। अनुमान था कि बुकिंग पिछले वर्षों से ज्यादा होंगी।
हालांकि, बुकिंग तो हो रही हैं, लेकिन नोटिफिकेशन का इंतजार होने के कारण ग्राहक अभी डिलीवरी लेने से रुक रहे हैं। उन्हें यह स्पष्ट होना जरूरी है कि उनकी गाड़ी कुल मिलाकर कितनी सस्ती पड़ेगी।
20 दिन की देरी से घटा छूट का प्रभावी समय
डीलरों के मुताबिक, इस बार RTO छूट मिलने में पहले की तुलना में करीब दो हफ्ते से ज्यादा की देरी हो चुकी है। कैबिनेट से मंजूरी के बावजूद नोटिफिकेशन जारी न होने से समस्या बढ़ी है।
व्यापारियों का कहना है कि देरी के कारण अब मेले में छूट के साथ बिक्री के लिए महज एक महीने का समय ही बच पाएगा। इसके अलावा उज्जैन मेले में भी RTO छूट मिलने से ग्वालियर मेले की बिक्री पर सीधा असर पड़ने की आशंका है।
नोटिफिकेशन के इंतजार में अटकी डिलीवरी
ग्वालियर के निकुंज मोटर्स के शोरूम मैनेजर सुजा-उल-रहमान के अनुसार, “मेले में शोरूम लगाए कुछ ही दिन हुए हैं, लेकिन 1,000 से ज्यादा गाड़ियों की बुकिंग हो चुकी है। कई ग्राहक 50% RTO छूट की वजह से फाइनल पेमेंट रोककर बैठे हैं। अनाउंसमेंट के बाद भुगतान शुरू हुआ है, लेकिन नोटिफिकेशन आते ही RTO काउंटर शुरू होंगे और डिलीवरी तेज होगी।”
उज्जैन मेले की छूट से ग्वालियर पर असर
डीलरों का कहना है कि उज्जैन मेले में RTO छूट मिलने से इंदौर, भोपाल, उज्जैन, रीवा और सतना जैसे शहरों से आने वाले ग्राहक अब ग्वालियर की बजाय उज्जैन में ही खरीदारी कर रहे हैं। अनुमान है कि इससे ग्वालियर मेले की बिक्री पर करीब 25% तक का असर पड़ सकता है।
लग्जरी सेगमेंट पर ज्यादा चोट
अनंत टोयोटा के मेला शोरूम मैनेजर आशीष कौशल बताते हैं, “अब तक 400–500 गाड़ियों की बुकिंग हो चुकी है, लेकिन RTO छूट लागू होने का इंतजार है। पहले इंदौर–मालवा क्षेत्र से ग्राहक मर्सिडीज, रेंज रोवर, ऑडी जैसी लग्जरी गाड़ियां लेने ग्वालियर आते थे। अब वही ग्राहक उज्जैन में रुक जा रहे हैं।” उनका आकलन है कि इससे 20–30% तक डाउन सेल देखने को मिल सकती है।
MP चेंबर ऑफ कॉमर्स की सरकार से मांग
RTO छूट पर मध्य प्रदेश चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, ग्वालियर के मानसेवी सचिव दीपक अग्रवाल ने कहा, “हर साल छूट मिलती है, लेकिन उसके लिए बार-बार ज्ञापन देना पड़ता है। मेला 25 दिसंबर को शुरू होता है, तो सरकार को दिसंबर के पहले हफ्ते में ही घोषणा कर देनी चाहिए। एक महीने तक टालना उचित नहीं है। इससे डीलरों को स्टॉक मैनेजमेंट और बिक्री—दोनों में दिक्कत होती है।”




