देश

गोपालगंज हत्याकांड: प्रेम प्रसंग में युवक की जान गई, कार्रवाई के दौरान पुलिस से भिड़े ग्रामीण

गोपालगंज के मोहनपुर गांव में प्रेम प्रसंग के शक में युवक की गला दबाकर हत्या कर शव खेत में फेंका गया। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया, गांव में तनाव।

गोपालगंज. गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर गांव में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। प्रेम प्रसंग के शक में एक युवक को घर से बुलाकर गला दबाकर हत्या कर दी गई और शव को गांव के बाहर खेत में फेंक दिया गया। मृतक की पहचान 25 वर्षीय अनील कुशवाहा, पिता कांग्रेस कुशवाहा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

फोन कर बुलाया, फिर रची गई साजिश

बताया गया कि अनील कुशवाहा शुक्रवार रात भोजन के बाद सोने चला गया था। इसी दौरान किसी ने उसे फोन कर बाहर बुलाया और साजिश के तहत उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। शनिवार सुबह गांव के बाहर खेत में शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और सड़क जाम कर हंगामा किया गया।

पुलिस अभिरक्षा से आरोपी छीनने की कोशिश

सूचना पर पहुंची पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया। इसी बीच आक्रोशित भीड़ ने आरोपी को पुलिस अभिरक्षा से छीनने का प्रयास किया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने आरोपी को एक मकान में सुरक्षित रखा। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच हल्की झड़प भी हुई।

एसडीपीओ ने संभाली कमान

स्थिति तनावपूर्ण होने पर हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोषियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल के जरिए कड़ी सजा दिलाने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद भीड़ शांत हुई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

गांव में पुलिस कैंप, जांच तेज

युवक की हत्या के बाद एहतियातन कई थानों की पुलिस गांव में कैंप कर रही है। पुलिस ने बताया कि छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका

परिजनों ने अनील की हत्या प्रेम प्रसंग में होने की आशंका जताई है। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक का गांव की ही एक लड़की से प्रेम संबंध था, जिस पर पहले भी आपत्ति जताई गई थी। पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button