देश

गोवा डबल मर्डर केस: दो रूसी महिलाओं की हत्या, पूछताछ में आरोपी के चौंकाने वाले खुलासे

गोवा में दो रूसी महिलाओं की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा। आरोपी एलेक्सी लियोनोव गिरफ्तार, लिव-इन पार्टनर सहित दो हत्याओं की कबूली, अन्य हत्याओं के दावों की जांच जारी।

मुंबई. गोवा में दो रूसी महिलाओं की नृशंस हत्या का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। 37 वर्षीय रूसी नागरिक एलेक्सी लियोनोव को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अपनी लिव-इन पार्टनर सहित दो रूसी महिलाओं की हत्या का आरोप है। पूछताछ में उसने अन्य हत्याओं का भी दावा किया है, जिसकी जांच की जा रही है।

अरंबोल में लिव-इन पार्टनर की हत्या, कमरे में मिला शव

उत्तर गोवा के अरंबोल इलाके में किराए के कमरे से लियोनोव की लिव-इन पार्टनर एलेना कस्थनोवा का शव बरामद हुआ। महिला का गला रेता गया था और उसके हाथ रस्सी से पीछे बंधे हुए थे। पड़ोसियों ने चीख-पुकार सुनकर लैंडलॉर्ड को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया।

भागने की कोशिश नाकाम, सुबह 4 बजे आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद आरोपी पहली मंजिल से कूदकर फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने सुबह करीब 4 बजे उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान लियोनोव ने न केवल इस हत्या को स्वीकार किया, बल्कि एक अन्य रूसी महिला एलेना वानीवा की हत्या का भी खुलासा किया।

मोरजिम गांव से मिला दूसरा शव, हत्या का पैटर्न एक जैसा

पुलिस के अनुसार, एलेना वानीवा की हत्या 14 जनवरी की रात मोरजिम गांव में की गई थी। दोनों हत्याओं में समान पैटर्न सामने आया है—गला रेतना और हाथ बांधना। इससे पुलिस को सीरियल मर्डर की आशंका है।

असम की महिला की हत्या का भी दावा, बयान बदल रहा आरोपी

पूछताछ में आरोपी ने असम की 40 वर्षीय महिला की हत्या का भी दावा किया है। उसका कहना है कि महिला को नशीला पदार्थ देकर मारा गया। हालांकि, आरोपी बार-बार अपने बयान बदल रहा है। पुलिस को संदेह है कि वह लंबे समय से नशीले पदार्थों के प्रभाव में हो सकता है, इसलिए सभी दावों की गहन जांच की जा रही है।

14 दिनों की पुलिस हिरासत में आरोपी

अब तक दो रूसी महिलाओं के शव बरामद हो चुके हैं, जबकि तीसरे मामले की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर की जाएगी। पेरनेम की न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत ने दोहरे हत्याकांड के मामले में एलेक्सी लियोनोव को 14 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस हत्या के हथियार, फोरेंसिक सबूत और आरोपी के अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की भी जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button