मध्य प्रदेश

सीसी सड़क निर्माण में बड़ा फर्जीवाड़ा! घुघरी जनपद की इमली टोला पंचायत पर सवाल

घुघरी में सीसी सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप, बिना समतलीकरण बोल्डर पर ढलाई से गुणवत्ता पर सवाल, ग्रामीणों ने जांच की मांग की।

घुघरी. आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र घुघरी में ग्रामीण इलाकों में चल रहे विकास कार्यों में लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। भवन, पुलिया और सीसी सड़क निर्माण जैसे कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी को लेकर ग्रामीणों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी और सुस्त रवैये के कारण भ्रष्टाचारियों के हौसले बुलंद हैं।

सीसी सड़क निर्माण में नियमों की अनदेखी

ताजा मामला जनपद पंचायत घुघरी अंतर्गत ग्राम पंचायत इमलीटोला के पोषक ग्राम भोका देवरी का बताया जा रहा है। यहां पांचवां वित्त मद से 3 लाख 21 हजार रुपये की लागत से मेन रोड से मुरली के घर तक सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण से पहले समुचित समतलीकरण नहीं किया गया और सीधे बड़े-बड़े बोल्डर डालकर सीसी रोड की ढलाई करा दी गई।

गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि सरपंच और सचिव द्वारा नियमों को दरकिनार कर गुणवत्ताहीन सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। बड़े बोल्डरों के ऊपर सीसी ढलाई होने से सड़क के समय से पहले क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है। यदि सड़क जल्द टूटती है तो इससे ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित होगी और ग्राम विकास को सीधा नुकसान पहुंचेगा।

जांच और कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि गुणवत्तापूर्ण निर्माण होता तो सड़क अपनी निर्धारित समय-सीमा तक टिकाऊ रहती। वहीं आरोप लगाए जा रहे हैं कि विकासखंड स्तर पर तैनात जिम्मेदार अधिकारी प्रभावी निगरानी नहीं कर रहे हैं।

प्रशासन की भूमिका पर सवाल

ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित इंजीनियर और प्रशासनिक अधिकारियों की निष्क्रियता के कारण इस तरह की अनियमितताएं सामने आ रही हैं। अब यह देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में ठोस कार्रवाई करता है या फिर भ्रष्टाचार के आरोपों पर चुप्पी साधे रहता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button