लाइफस्टाइल

घर की रसोई में सिजलर का जादू: जानिए परफेक्ट रेसिपी

घर पर बनाएं रेस्टोरेंट-स्टाइल फुल मील सिजलर और हॉट सिजलिंग विद चीज टोस्ट। आसान सामग्री, स्टेप-बाय-स्टेप विधि और परोसने के खास टिप्स।

हम निरंतर पाठकों के लिए नए और स्वादिष्ट व्यंजनों की आसान विधियां प्रस्तुत करते रहते हैं। इसी क्रम में आज हम आपको रेस्टोरेंट-स्टाइल दो खास रेसिपी— फुल मील सिजलर और हॉट सिजलिंग विद चीज टोस्ट—घर पर बनाने की सरल विधि बता रहे हैं।

फुल मील सिजलर

सामग्री

  • 2 शिमला मिर्च
  • 2 टमाटर
  • 3 बड़े आलू
  • 100 ग्राम फलियां
  • 1 प्याला उबले मटर
  • 1 टुकड़ा पनीर
  • 1 प्याला कसी गाजर
  • 1 प्याला कसी बंदगोभी
  • थोड़े से काजू और मूंगफली
  • ½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • 1 छोटा चम्मच गरम मसाला
  • 1 छोटा पैकेट ब्रेड
  • 2 बन
  • तेल आवश्यकतानुसार
  • 200 ग्राम मक्खन
  • 1 कटोरी चावल
  • नमक स्वादानुसार

शिमला मिर्च की तैयारी

एक आलू उबालकर मसल लें। इसमें कटे काजू, थोड़ा उबला मटर, नमक, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला मिलाएं। कड़ाही में 1 छोटा चम्मच तेल गरम कर जीरा छौंक लें और मिश्रण में डाल दें।

शिमला मिर्च के डंठल काटकर बीज निकालें, अंदर से नमक लगाकर उल्टा रख दें। अब आलू का मिश्रण भरें, बाहर से मक्खन लगाएं और 5 मिनट के लिए ओवन में बेक करें।

टमाटर की तैयारी

कड़े लाल टमाटरों का ऊपरी हिस्सा काटकर गूदा निकाल दें। अंदर नमक लगाकर उल्टा रखें। पनीर को मसलकर नमक और चाट मसाला मिलाएं, जीरे का छौंक लगाएं। इस मिश्रण को टमाटरों में भरकर 5 मिनट बेक करें।

कटलेट और अन्य तैयारियां

उबले आलू, कसी गाजर, बंदगोभी, मटर, पिसी मूंगफली, नमक, मिर्च, चाट मसाला और भीगी-निचोड़ी ब्रेड मिलाकर मिश्रण तैयार करें।

  • गोल टिकियां बनाकर तेल में तल लें।
  • एक आलू के फ्रेंच फ्राइज तल लें।
  • फलियों को 10 मिनट गरम पानी में भिगोएं।
  • चावल नमक और तेल डालकर सादा उबाल लें।
  • ब्रेड, बन, प्याज के लच्छे और टमाटर के कतले तैयार रखें।

सिजलर परोसने की विधि

सिजलर ट्रे के लोहे वाले हिस्से को 10–12 मिनट तेज आंच पर गरम करें। लकड़ी की ट्रे पर रखें। गरम पानी में भीगे बंदगोभी के पत्ते बिछाएं।

बीच में चावल रखें, एक ओर कटलेट और फ्रेंच फ्राइज, दूसरी ओर भरवां टमाटर व फलियां सजाएं। भरवां शिमला मिर्च रखें, काजू व टमाटर के कतलों से सजाएं। अंत में चारों ओर गरम मक्खन डालें और सिजलिंग अंदाज में परोसें।

हॉट सिजलिंग विद चीज टोस्ट

सामग्री

  • 2 छोटे चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
  • 2 छोटे चम्मच हरी व सूखी लाल मिर्च पेस्ट
  • 2 उबले आलू
  • 100 ग्राम मशरूम
  • 4 शिमला मिर्च
  • 2 बड़े टमाटर
  • 6 पीस बेबीकॉर्न
  • थोड़े काजू
  • 2 प्याज
  • 250 ग्राम पनीर
  • 1 छोटी कटोरी दही
  • ½ चम्मच चाट मसाला
  • ¼ छोटा चम्मच अजवायन
  • नमक स्वादानुसार
  • तेल आवश्यकतानुसार
  • 2 छोटे चम्मच मक्खन
  • साथ परोसने के लिए
  • 4 पीस गारलिक ब्रेड
  • कसा हुआ चीज

बनाने की विधि

पनीर को मोटे टुकड़ों में काटें। दही को कपड़े में बांधकर पानी निचोड़ लें। दही, अजवायन, चाट मसाला, नमक, मिर्च पेस्ट और अदरक-लहसुन पेस्ट पनीर में मिलाकर 30 मिनट मेरिनेट करें।

पैन में तेल गरम करें। प्याज, बेबीकॉर्न, मशरूम और शिमला मिर्च डालकर तेज आंच पर भूनें। अदरक-लहसुन और मिर्च पेस्ट डालें। फिर टमाटर और आलू डालकर रस सूखने तक पकाएं।
पनीर को ग्रिल या तवे पर सुनहरा होने तक सेंक लें।

सिजलर सजाना

गरम सिजलर ट्रे पर बंदगोभी के पत्ते बिछाएं। बीच में सब्जियां और चारों ओर पनीर सजाएं। ऊपर से गरम मक्खन डालें और भाप के साथ तुरंत परोसें।

चीज टोस्ट

गारलिक ब्रेड पर कसा हुआ चीज फैलाएं। 2 मिनट ओवन में बेक करें। सुनहरा होने पर निकालें, तिकोना काटें और सिजलर के साथ परोसें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button