SH-52 पर अतिक्रमण पर गाज: पहले नोटिस, फिर बुलडोजर और जुर्माना
बेनीपट्टी नगर में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का बुलडोजर मंगलवार को चलेगा। नगर के संसार पोखरा से लेकर अनुमंडल रोड तक एसएच-52 सड़क के दोनों किनारों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

बेनीपट्टी. बेनीपट्टी नगर में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का बुलडोजर मंगलवार को चलेगा। नगर के संसार पोखरा से लेकर अनुमंडल रोड तक एसएच-52 सड़क के दोनों किनारों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
यह जानकारी रविवार को बेनीपट्टी के एसडीओ शारंग पाणि पांडेय ने दी। उन्होंने बताया कि संसार पोखरा, लोहिया चौक, थाना चौक, उपडाकघर चौक, इंदिरा चौक, डाकबंगला मोड़, विद्यापति चौक, बेहटा बाजार, कालीस्थान के पास, अंबेडकर चौक और अनुमंडल रोड तक सख्त कार्रवाई होगी।
पहले दी गई खुद हटाने की चेतावनी
एसडीओ ने बताया कि शनिवार और रविवार को नगर पंचायत प्रशासन द्वारा पूरे नगर में माइकिंग कराई गई, जिसमें एसएच-52 के दोनों किनारों पर अतिक्रमण करने वालों से स्वयं अपने स्तर से अतिक्रमण हटाने की अपील की गई थी।
उन्होंने साफ कहा कि यदि सोमवार तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो मंगलवार को प्रशासन सख्ती से अतिक्रमण हटवाएगा।
अतिक्रमण से रोज लग रहा भीषण जाम
एसडीओ ने बताया कि बेनीपट्टी के मुख्य बाजार में व्यवसायियों और लोगों द्वारा सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण करने से आए दिन भीषण जाम लग रहा है। इससे आम नागरिकों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है।
कई व्यवसायी पीछे किराये का कमरा लेकर आगे सड़क पर दुकान संचालित कर रहे हैं, जिससे ग्राहक सड़क पर खड़े होते हैं और वाहन पार्किंग भी सड़क पर ही होती है। इस वजह से जाम की समस्या और गंभीर हो गई है।
प्रशासन ने इसलिए लिया सख्त फैसला
एसडीओ ने कहा कि लगातार बढ़ती यातायात समस्या और आम जनता की परेशानी को देखते हुए प्रशासन ने एसएच-52 पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया है। हालांकि, कार्रवाई से पहले लोगों को पर्याप्त मौका दिया गया है कि वे स्वयं अतिक्रमण हटा लें।
न हटाने पर चलेगा बुलडोजर और लगेगा ₹5,000 जुर्माना
बेनीपट्टी नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी गौतम आनंद ने बताया कि सोमवार तक जिन अतिक्रमणकारियों ने अपने स्तर से अतिक्रमण नहीं हटाया, उन पर मंगलवार को न केवल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी, बल्कि ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनसे ₹5,000 का जुर्माना भी वसूला जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब सड़क और सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के मामले में कोई समझौता नहीं होगा।
कई कारोबारियों ने खुद हटाया अतिक्रमण
प्रशासनिक माइकिंग के बाद असर भी दिखने लगा है। रविवार को बेनीपट्टी के कई चौक-चौराहों पर व्यापारियों को स्वयं अतिक्रमण हटाते हुए देखा गया। इससे प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि बड़ी संख्या में लोग खुद कार्रवाई से पहले अतिक्रमण हटा लेंगे।




