एलिना स्वितोलिना ने ऑकलैंड में रचा इतिहास, शानदार जीत के साथ बनीं चैंपियन
टॉप-सीड एलिना स्वितोलिना ने ऑकलैंड ASB क्लासिक जीतकर अपना 19वां WTA खिताब जीता। फाइनल में वांग शिन्यू को सीधे सेटों में हराया।

वेलिंगटन. यूक्रेन की टॉप-सीड टेनिस स्टार Elina Svitolina ने रविवार को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में खेले गए ASB क्लासिक फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना 19वां WTA खिताब जीत लिया। स्वितोलिना ने फाइनल मुकाबले में चीन की Wang Xinyu को 6-3, 7-6(8) से शिकस्त दी।
31 वर्षीय स्वितोलिना ने पूरे मैच में जबरदस्त मजबूती दिखाई। उन्होंने सभी चार ब्रेक पॉइंट बचाए, पहले सर्व पर 74 प्रतिशत अंक जीते और मैच का एकमात्र ब्रेक दूसरे सेट में 4-2 के स्कोर पर हासिल किया। इसके बाद उन्होंने कड़े मुकाबले में टाईब्रेक जीतकर खिताब अपने नाम किया।
एक घंटे 42 मिनट तक चले इस मुकाबले के बाद स्वितोलिना ने कोर्ट पर कहा, “एक और खिताब जीतना वाकई बहुत अच्छा लग रहा है, खासकर चोट से उबरने के बाद साल का इतना शानदार अंत करना मेरे लिए बेहद खास है।”
गौरतलब है कि स्वितोलिना ने 2025 के अंत में चोट के चलते लगातार चार मुकाबले गंवाने के बाद जोरदार वापसी की और इस WTA 250 टूर्नामेंट में लगातार पांच मैच जीतकर खिताब तक का सफर तय किया।
वहीं, सातवीं वरीयता प्राप्त 24 वर्षीय वांग शिन्यू ने शनिवार को सेमीफाइनल में फिलीपींस की एलेक्जेंड्रा एला को हराकर अपने करियर का दूसरा WTA फाइनल खेला। इससे पहले वह जून में बर्लिन में खेले गए ग्रास कोर्ट WTA फाइनल में पहुंची थीं, जहां उन्हें चेक गणराज्य की मार्केटा वोंद्रोसोवा से हार झेलनी पड़ी थी।




