उप मुख्यमंत्री का शहडोल दौरा आज: जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक पर सबकी नजर
शहडोल में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल की अध्यक्षता में आज जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक होगी। ब्यौहारी सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर दिए निर्देश।

शहडोल. मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल की अध्यक्षता में जिला विकास सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक आज शुक्रवार को आयोजित की जाएगी। उप मुख्यमंत्री गुरुवार रात्रि शहडोल पहुंचे, जहां सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम किया।
तय कार्यक्रम के अनुसार, शुक्रवार को दोपहर 12 बजे उप मुख्यमंत्री पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 1 बजे कलेक्टर कार्यालय स्थित विराट सभागार में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक लेंगे। बैठक के उपरांत दोपहर 2:30 बजे उप मुख्यमंत्री शहडोल से अनूपपुर जिले के लिए प्रस्थान करेंगे।
सिविल अस्पताल ब्यौहारी का औचक निरीक्षण
शहडोल जिले के एक दिवसीय दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने गुरुवार रात्रि सिविल अस्पताल ब्यौहारी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया और भर्ती मरीजों से संवाद कर उपचार, दवाइयों एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अधिकारियों को निर्देश
उप मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज का उपचार संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ किया जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि आवश्यक दवाइयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें और किसी भी मरीज को असुविधा न हो। साथ ही अस्पताल के संसाधनों, दवाइयों की स्थिति और एम्बुलेंस सेवाओं की भी समीक्षा की गई।
सर्किट हाउस में हुआ स्वागत
गुरुवार रात सर्किट हाउस शहडोल पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।




