ट्रंप के बयान की गूंज: ‘औरतें पसंद’ वाली टिप्पणी से छिड़ी नई बहस
गाजा पर ‘बोर्ड ऑफ पीस’ की पहली बैठक में डोनाल्ड ट्रंप का मजाकिया बयान चर्चा में, पैराग्वे के राष्ट्रपति सैंटियागो पेना का स्वागत करते हुए कहा– “हैंडसम मर्द पसंद नहीं।” अमेरिका ने 10 अरब डॉलर फंड देने का ऐलान किया, भारत ने ऑब्जर्वर के रूप में लिया हिस्सा।

वाशिंगटन. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। गाजा के पुनर्निर्माण के लिए गठित ‘बोर्ड ऑफ पीस’ की पहली बैठक में जहां गंभीर चर्चा होनी थी, वहीं ट्रंप की एक टिप्पणी ने माहौल को हल्का कर दिया। पैराग्वे के राष्ट्रपति सैंटियागो पेना का स्वागत करते हुए ट्रंप ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें “जवान और हैंडसम मर्द पसंद नहीं हैं, औरतें पसंद हैं”, जिसके बाद हॉल ठहाकों से गूंज उठा।
गंभीर बैठक में हल्का पल
गुरुवार को हुई इस अहम बैठक का फोकस गाजा के भविष्य और पुनर्निर्माण पर था, लेकिन ट्रंप की टिप्पणी ने अचानक माहौल बदल दिया। उनके इस बयान पर मौजूद प्रतिनिधियों ने हंसते हुए प्रतिक्रिया दी और यह पल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
कौन हैं सैंटियागो पेना
- उम्र: 47 वर्ष
- पैराग्वे के सबसे कम उम्र के लोकतांत्रिक राष्ट्रपति
- पेशे से अर्थशास्त्री
- पूर्व वित्त मंत्री
- अगस्त 2023 में संभाला राष्ट्रपति पद
- उन्होंने कोलोराडो पार्टी के उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीतकर सत्ता संभाली थी।
भारत ने पर्यवेक्षक के रूप में लिया हिस्सा
गाजा के लिए गठित इस ‘बोर्ड ऑफ पीस’ की उद्घाटन बैठक में भारत ने ऑब्जर्वर (पर्यवेक्षक) देश के रूप में भाग लिया।
वॉशिंगटन डीसी स्थित भारतीय दूतावास की प्रभारी राजनयिक नामग्या खम्पा ने भारत का प्रतिनिधित्व किया। हालांकि भारत इस समूह का सदस्य नहीं बना है।
27 देशों ने दिखाई रुचि
अब तक कुल 27 देशों ने ‘बोर्ड ऑफ पीस’ में शामिल होने के लिए सहमति जताई है, जिनमें शामिल हैं:
- अर्जेंटीना
- आर्मेनिया
- अजरबैजान
- हंगरी
- पाकिस्तान
- सऊदी अरब
- यूएई
अमेरिका देगा 10 अरब डॉलर
बैठक के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा के पुनर्निर्माण के लिए इस बोर्ड को 10 अरब अमेरिकी डॉलर देने की घोषणा भी की।




