IED ब्लास्ट के बाद मानवीय पहल: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने घायलों से की मुलाकात

रायपुर. उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा शनिवार शाम रायपुर के एक निजी अस्पताल पहुँचे, जहाँ उन्होंने बीजापुर जिला के उसूर थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्रेगुट्टा पहाड़ी में हुए आईईडी विस्फोट में घायल पुलिस जवानों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के उपचार की स्थिति की जानकारी ली और जवानों के परिजनों से भी चर्चा की।
घायलों का बढ़ाया मनोबल, बेहतर उपचार के निर्देश
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने घायल जवानों से घटना की जानकारी लेते हुए उनका मनोबल बढ़ाया और कहा कि शासन एवं प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है। उन्होंने अस्पताल में उपस्थित अधिकारियों और चिकित्सकों को निर्देश दिए कि जवानों के बेहतर, समुचित और समयबद्ध उपचार के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएँ। उन्होंने कहा कि नक्सल विरोधी अभियानों में तैनात जवान अत्यंत साहस और समर्पण के साथ देश-प्रदेश की सुरक्षा में लगे हैं और उनका त्याग अतुलनीय है।
कर्रेगुट्टा पहाड़ी में हुए थे छह आईईडी विस्फोट
गौरतलब है कि 25 जनवरी को बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्रेगुट्टा पहाड़ी में एक के बाद एक कुल छह आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) विस्फोट हुए थे। इन विस्फोटों की चपेट में आने से डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के 12 जवान घायल हो गए थे।
एयरलिफ्ट कर रायपुर लाए गए घायल जवान
यह घटना उस समय हुई, जब सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम तेलंगाना सीमा से लगे कर्रेगुट्टा हिल्स क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। घटना के बाद सभी घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया, जहाँ उनका उपचार निजी अस्पताल में किया जा रहा है। अब तक 6 जवान उपचार के बाद स्वस्थ होकर डिस्चार्ज किए जा चुके हैं, जबकि शेष जवानों की स्थिति में भी लगातार सुधार हो रहा है।




