मुख्यमंत्री योगी का बड़ा बयान: अपराध मुक्त और अनुशासित बना उत्तर प्रदेश
विधानसभा में सीएम योगी ने कहा कि यूपी ने अपराध से अनुशासन और अव्यवस्था से विकास तक की ऐतिहासिक यात्रा तय की है। कानून-व्यवस्था, अर्थव्यवस्था और कल्याणकारी योजनाओं पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

लखनऊ. राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने अपराध और अव्यवस्था से अनुशासन तथा कर्फ्यू से कानून के राज तक की ऐतिहासिक यात्रा तय की है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव केवल प्रशासनिक नहीं बल्कि नीतिगत प्रतिबद्धता, स्पष्ट नीयत और सुदृढ़ नेतृत्व का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब भय का नहीं बल्कि विश्वास और विकास का प्रदेश बन चुका है। उपद्रव से उत्सव, समस्या से समाधान और अविश्वास से आत्मविश्वास तक की यात्रा प्रदेश की नई पहचान है।
विपक्ष के आचरण पर सवाल
सीएम योगी ने राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्ष के व्यवहार को अनुचित बताते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सदन का आचरण ऐसा नहीं होना चाहिए जिससे संवैधानिक पदों का अपमान हो। गालिब का शेर उद्धृत करते हुए उन्होंने विपक्ष पर तंज कसा।
कानून-व्यवस्था में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में जीरो टॉलरेंस की नीति लागू की गई, जिसके कारण अब सांप्रदायिक दंगे नहीं होते और कानून का राज स्थापित हुआ है। पहले बेटियां भयभीत रहती थीं और व्यापारी पलायन को मजबूर थे, लेकिन अब प्रदेश में भयमुक्त वातावरण है।
गरीबी उन्मूलन और कल्याणकारी योजनाएं
नीति आयोग के आंकड़ों का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से 6 करोड़ से अधिक लोग बहुआयामी गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने बताया कि –
- प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीबों को पक्का घर मिल रहा है
- आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा
- निःशुल्क राशन की व्यवस्था जारी
- वृद्ध, निराश्रित और दिव्यांगजन को 12 हजार रुपये वार्षिक पेंशन
- इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है।
पुलिस सुधार और आधुनिक सुरक्षा तंत्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस बल में बड़े पैमाने पर भर्ती की गई है और महिलाओं की संख्या 10 हजार से बढ़कर 44 हजार हो गई है। हाल ही में 60,200 से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती कर प्रदेश में ही प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही –
- 75 जिलों में साइबर थाने स्थापित
- हर थाने में साइबर हेल्प डेस्क
- फॉरेंसिक सिस्टम मजबूत किया गया
बीमारू से ‘ट्रिपल-टी’ मॉडल तक
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहा, बल्कि टेक्नोलॉजी, ट्रस्ट और ट्रांसफॉर्मेशन यानी ट्रिपल-टी मॉडल का प्रतीक बन गया है। प्रदेश अब देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और भारत के विकास का अग्रणी इंजन बनकर उभरा है।
आर्थिक सर्वेक्षण बना बदलाव का प्रतीक
उन्होंने कहा कि पहली बार आर्थिक सर्वेक्षण को व्यवस्थित तरीके से सदन में प्रस्तुत किया गया, जो विचार से व्यवस्था और व्यवस्था से विकास की यात्रा का प्रमाण है। पहले केंद्र की योजनाओं का बॉटलनेक कहे जाने वाला उत्तर प्रदेश आज निवेश और रोजगार का केंद्र बन चुका है।
लोकतंत्र की ताकत है सार्थक बहस
मुख्यमंत्री ने बताया कि धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा में 92 सदस्यों ने हिस्सा लिया, जिसे उन्होंने स्वस्थ लोकतंत्र का संकेत बताया। उन्होंने सभी दलों के सदस्यों की भागीदारी की सराहना की।




