छत्तीसगढ़

नक्सल नेटवर्क को करारा झटका: राज्य में रिकॉर्ड आत्मसमर्पण, बोले CM साय— बड़ी जीत

छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद पर बड़ी जीत, 52 इनामी माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले—हिंसा नहीं, विकास का रास्ता।

रायपुर. छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे निर्णायक अभियान को बड़ी कामयाबी मिली है। ‘पूना मारगेम’ के तहत साउथ सब ज़ोनल ब्यूरो से जुड़े 52 माओवादी कैडरों ने हिंसा और हथियारों का रास्ता छोड़ते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था और विकास की मुख्यधारा को अपनाया है। इन सभी पर कुल ₹1.41 करोड़ का इनाम घोषित था, जिससे यह आत्मसमर्पण अभियान अब तक की सबसे बड़ी रणनीतिक सफलताओं में गिना जा रहा है।

48 घंटों में 81 नक्सलियों का आत्मसमर्पण

मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने इसे हिंसा की विचारधारा पर विश्वास की निर्णायक विजय बताया। उन्होंने कहा कि पिछले 48 घंटों में कुल 81 नक्सलियों का आत्मसमर्पण यह साफ संकेत है कि माओवाद अब केवल कमजोर नहीं, बल्कि पूरी तरह बिखर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में अब न सिर्फ माओवादी संगठन, बल्कि उसकी विकृत विचारधारा और पूरा सपोर्ट सिस्टम भी ध्वस्त हो चुका है। जहां कभी भय, भ्रम और दबाव का माहौल था, वहां अब शासन की सशक्त उपस्थिति, सुरक्षा बलों की सक्रियता और विकास योजनाओं की प्रभावी पहुंच ने लोगों में भरोसा पैदा किया है।

‘पुनर्वास से पुनर्जीवन’ अभियान बना भरोसे की मिसाल

सरकार के ‘पुनर्वास से पुनर्जीवन’ अभियान के तहत हिंसा छोड़ने वाले भटके युवाओं को सम्मानजनक जीवन, सुरक्षा और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार यह व्यापक आत्मसमर्पण उसी भरोसे का प्रत्यक्ष प्रमाण है, जो अब बस्तर में तेजी से मजबूत हो रहा है।

नक्सल-मुक्त भारत के लक्ष्य की ओर तेज़ कदम

मुख्यमंत्री साय ने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व और केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि 31 मार्च 2026 तक नक्सल-मुक्त भारत का संकल्प अब निर्णायक लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि छत्तीसगढ़ में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है। बस्तर में अब भय की जगह भविष्य आकार ले रहा है, जहां सड़कें, स्कूल, स्वास्थ्य सेवाएं, आजीविका और शासन की पहुंच लगातार मजबूत हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button