मध्य प्रदेश

विकास, विश्वास और विज़न: मोदी सरकार का ऑल-राउंड डेवलपमेंट बजट—डॉ. महेन्द्र सिंह

सागर में आयोजित संवाद कार्यक्रम में बीजेपी प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि केंद्रीय बजट-2026 राष्ट्र प्रथम की भावना का दस्तावेज़ है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करता है।

भोपाल/सागर. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने मंगलवार को सागर जिले के होटल वरदान में आयोजित केंद्रीय बजट-2026 पर व्यापारी एवं प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट समग्र भारत के चतुर्दिक विकास की दिशा तय करता है और देश की जनता के प्रति सरकार के कर्तव्यों को पूरा करने वाला दस्तावेज़ है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार 240 से अधिक कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश की 145 करोड़ जनता के हित में कार्य कर रही है। आज़ाद भारत के बाद यह पहला बजट है, जिसे कर्तव्य भवन में बैठकर तीन कर्तव्यों की भावना के साथ तैयार किया गया है।

कार्यक्रम को प्रदेश शासन के मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत, पूर्व मंत्री व विधायक गोपाल भार्गव, विधायक शैलेन्द्र जैन एवं जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे मंचासीन रहे।

भारत को विश्व गुरु बनाने की दिशा में निर्णायक कदम

डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत के प्राचीन वैभव को पुनः स्थापित करने और देश को विश्व गुरु बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने भारत की ऐतिहासिक परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि तक्षशिला जैसे विश्वविद्यालय और वेदों की रचना हमारी समृद्ध विरासत का प्रमाण हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुकी है और देश तेजी से तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।

विकसित राष्ट्रों से सीधा मुकाबला कर रहा भारत

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि आज भारत विश्व के आर्थिक रूप से संपन्न देशों के साथ विकास के मामले में सीधा मुकाबला कर रहा है। उन्होंने अमेरिका और भारत की जनसंख्या व संसाधनों की तुलना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदृष्टि और विकसित भारत की परिकल्पना के कारण देश वैश्विक मंच पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने बजट आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2013-14 में जहां केंद्रीय बजट 16.65 लाख करोड़ रुपये था, वहीं अब यह बढ़कर 53.50 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ भारत को अग्रणी राष्ट्र बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगा।

पद्मश्री भगवानदास रैकवार का किया सम्मान

कार्यक्रम के उपरांत डॉ. महेन्द्र सिंह ने मार्शल आर्ट्स के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान के लिए पद्मश्री पुरस्कार हेतु चयनित भगवानदास रैकवार के निवास पहुंचकर उन्हें आत्मीय बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इससे पूर्व वे प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री व विधायक भूपेन्द्र सिंह के निवास पहुंचे, जहां भगवान श्री हनुमान जी की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा एवं श्रीरामकथा में सम्मिलित होकर श्रवण किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button