रातों-रात आफत: घर में फटी जमीन, पानी निकलते ही मचा कोहराम
Bilaspur Viral Video: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में घर के अंदर जमीन फटने से तेज पानी की धार निकली। बोरिंग के कारण बने प्रेशर को घटना की वजह बताया जा रहा है।

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक घर के अंदर अचानक जमीन फट गई और तेज पानी की धार निकलने लगी। देखते ही देखते पूरा घर पानी से भर गया। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में क्या दिख रहा है?
वायरल वीडियो घर के हॉल का बताया जा रहा है। फुटेज में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति घर के अंदर चल रहा होता है, तभी अचानक फर्श से पानी रिसने लगता है। कुछ ही पलों में जमीन पूरी तरह फट जाती है और तेज दबाव के साथ पानी की धार बाहर निकल आती है। अचानक हुई इस घटना से घबराया व्यक्ति डर के मारे मौके से भागता नजर आता है।
क्या बताई जा रही है घटना की वजह?
स्थानीय जानकारी के अनुसार, जिस घर में यह घटना हुई, उसके बगल में एक प्लांट परिसर में बोरिंग का काम चल रहा था। बोरिंग के दौरान अत्यधिक प्रेशर बनने से जमीन के अंदर पानी का दबाव बढ़ गया, जिसका असर पास के घर पर पड़ा। इसी दबाव के कारण घर की फर्श फट गई और जमीन के नीचे से तेज पानी की धार बाहर आ गई, जिससे पूरा घर जलमग्न हो गया।
जांच और सतर्कता की जरूरत
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग बोरिंग और भूमिगत जल कार्यों को लेकर सतर्कता की मांग कर रहे हैं। माना जा रहा है कि प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा सकती है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।




