बिहटा में रफ्तार का कहर: ट्रक ने ऑटो को कुचला, 6 लोगों की मौत
Bihar News: पटना के पास सड़क हादसे में 6 की मौत, मौसम विभाग का कोहरे का येलो अलर्ट, नीट छात्रा मौत केस CBI को सौंपा गया, आज पेश होगा केंद्रीय बजट 2026।

पटना. बिहार में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने यात्रियों से भरी एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें 6 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के मुताबिक, सभी मृतक और घायल मनेर में आयोजित उर्स मेले से लौट रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिहार में मौसम बदलेगा करवट
- मौसम विभाग ने बिहार में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार— मुजफ्फरपुर, वैशाली, पश्चिमी चंपारण और पूर्वी चंपारण में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
- अगले 48 घंटों में कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।
- मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय सतर्क रहने की सलाह दी है।
नीट छात्रा मौत मामला: SIT जांच खत्म, CBI को सौंपी जांच
जहानाबाद की रहने वाली एक नीट छात्रा की पटना में हुई संदिग्ध मौत के मामले में अब बड़ा अपडेट सामने आया है। इस केस की जांच कर रही एसआईटी (SIT) ने अपनी जांच पूरी कर ली है और अब CBI पूरे मामले की जांच करेगी। अब तक इस केस में मुख्य आरोपी का कोई ठोस सुराग नहीं लग सका है और कई सवाल अभी भी अनसुलझे बने हुए हैं।
आज पेश होगा केंद्रीय बजट, बिहार को क्या मिलेगा?
इधर, केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार आज संसद में केंद्रीय बजट पेश करेगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट पिटारे से बिहार को क्या-क्या सौगातें मिलेंगी, इस पर राज्यभर की निगाहें टिकी हुई हैं।




