खुशखबरी! बिहार में किसानों को अब सालाना ₹9,000, पीएम किसान + कर्पूरी सम्मान निधि
बिहार सरकार ने जननायक कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि योजना शुरू की। पीएम किसान योजना के साथ अब किसानों को सालाना 9000 रुपये मिलेंगे। 73 लाख से अधिक किसानों को होगा लाभ।

पटना. बिहार सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए किसान सम्मान निधि की राशि डेढ़ गुनी बढ़ा दी है। इसके लिए राज्य सरकार ने जननायक कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत किसानों को सालाना 3000 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। यह राशि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के साथ ही डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से किसानों के खातों में ट्रांसफर की जाएगी। इसकी घोषणा मंगलवार को बिहार विधानमंडल में पेश बजट के दौरान की गई।
अब सालाना 9000 रुपये मिलेंगे किसानों को
केंद्र सरकार की पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को हर साल तीन किस्तों में कुल 6000 रुपये दिए जाते हैं, यानी प्रति किस्त 2000 रुपये। अब बिहार सरकार की नई योजना के तहत किसानों को प्रति किस्त 1000 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे। इस तरह—
- पीएम किसान योजना से: प्रति किस्त 2000 रुपये
- जननायक कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि से: प्रति किस्त 1000 रुपये
- यानि बिहार के किसानों को हर किस्त में कुल 3000 रुपये और सालाना 9000 रुपये मिलेंगे।
एनडीए के चुनावी वादे को मिली बजटीय मंजूरी
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले एनडीए ने अपने चुनावी संकल्प पत्र में जननायक कर्पूरी ठाकुर के नाम पर किसानों के लिए नई योजना शुरू करने का वादा किया था। संकल्प पत्र में कहा गया था कि सत्ता में लौटने पर पीएम किसान सम्मान निधि पाने वाले किसानों को सालाना 3000 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे।
पहले पूर्णकालिक बजट में बड़ा ऐलान
पिछले विधानसभा चुनाव में एनडीए ने भारी बहुमत से जीत दर्ज की थी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में नवंबर में नई सरकार का गठन हुआ था। सरकार के पहले पूर्णकालिक बजट में ही इस योजना को लागू करने की घोषणा कर दी गई है।
73 लाख से अधिक किसानों को मिलेगा लाभ
सरकारी अनुमान के मुताबिक, इस योजना का लाभ बिहार के 73 लाख से अधिक किसानों को मिलेगा। सरकार का मानना है कि इससे किसानों की आय में सीधा इजाफा होगा और खेती से जुड़ी आर्थिक चुनौतियों को कम करने में मदद मिलेगी।




