उत्तर प्रदेश

बांदा स्कूल केस में सख्त एक्शन: हादसे के बाद छात्रा की रोशनी गई, प्रधानाध्यापक पर FIR

बांदा के छिलोलर गांव के प्राथमिक विद्यालय में खेल के दौरान छात्रा की आंख की रोशनी चली गई। प्रधानाध्यापक पर केस दर्ज, शिक्षा विभाग ने जांच शुरू की।

बांदा. बांदा जिले के छिलोलर गांव स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में 20 दिसंबर को बेहद दुखद घटना सामने आई। खेल के दौरान 14 वर्षीय छात्रा की दाहिनी आंख की रोशनी चली गई। छात्रा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने स्कूल के प्रधानाध्यापक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि शिक्षा विभाग ने भी जांच शुरू कर दी है।

गिल्ली-डंडा खेलते समय आंख में लगा डंडा

छिलोलर गांव निवासी रामदीन की बेटी आरती देवी प्राथमिक विद्यालय छिलोलर में पढ़ती है। परिजनों के अनुसार, स्कूल में गिल्ली-डंडा खेला जा रहा था। इसी दौरान प्रधानाध्यापक के हाथ से डंडा छूटकर सीधे आरती की आंख में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजन उसे इलाज के लिए चित्रकूट के जानकी कुंड अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टर छात्रा की आंख की रोशनी नहीं बचा सके।

शिकायत पर धमकी देने का आरोप

पीड़ित पिता का आरोप है कि घटना पर सवाल उठाने पर प्रधानाध्यापक ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद कमासिन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। थाना प्रभारी भास्कर मिश्रा के अनुसार, तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। छात्रा की मेडिकल जांच कराई जा रही है, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।

शिक्षा विभाग की जांच, निलंबन की चेतावनी

बेसिक शिक्षा अधिकारी अव्यक्त राम तिवारी ने बताया कि मामले की जांच खंड शिक्षा अधिकारी कमासिन राजेश कुमार को सौंपी गई है। आरोप सही पाए जाने पर प्रधानाध्यापक को निलंबित किया जाएगा।

वहीं आरोपी प्रधानाध्यापक राकेश सिंह ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वे गिल्ली-डंडा नहीं खेल रहे थे; इंटरवल के दौरान बच्चों के खेलते समय किसी बच्चे के हाथ से डंडा छूटकर छात्रा की आंख में लगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button