छत्तीसगढ़

रायपुर में नववर्ष उत्सव का उल्लास, धीवर समाज के कार्यक्रम में दिखे कैबिनेट मंत्री देवांगन

Korba News: धीवर समाज ट्रस्ट के नववर्ष एवं पारिवारिक मिलन समारोह में मंत्री लखनलाल देवांगन शामिल। सामाजिक एकता, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतिभाओं का सम्मान।

रायपुर. प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन कोरबा में धीवर समाज ट्रस्ट के नववर्ष एवं पारिवारिक मिलन समारोह में शामिल हुए। यह कार्यक्रम जूनियर रिक्रिएशन क्लब, एसईसीएल मानिकपुर, कोरबा में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रभु श्रीराम की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुई, इसके बाद अतिथियों का पारंपरिक शाल-फल से स्वागत किया गया। इस अवसर पर कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

“हर समाज की भागीदारी से ही राष्ट्र का उत्थान”

अपने उद्बोधन में मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रदेश और देश के विकास में हर समाज की सहभागिता अनिवार्य है। उन्होंने कहा— “जब समाज आगे बढ़ता है, तभी देश सशक्त होता है। धीवर समाज मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु राम के आदर्शों पर चलने वाला समाज है और इसका स्नेह, सहयोग व समर्थन मुझे हमेशा मिला है।”

सामाजिक एकता और पारिवारिक सौहार्द का संदेश

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि यह आयोजन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक समरसता और पारिवारिक सौहार्द का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने इसे समाज को जोड़ने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने का प्रेरक अवसर बताया।

जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में नगर पालिक निगम कोरबा के पार्षद नरेन्द्र देवांगन और प्रफुल्ल तिवारी भी उपस्थित रहे। पार्षद नरेन्द्र देवांगन ने कहा— “जब हर समाज शिक्षा, संगठन और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ता है, तभी प्रदेश और देश नई ऊंचाइयों को छूता है।” उन्होंने इस आयोजन को सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रेरक पहल बताया।

प्रतिभाओं का सम्मान, बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियां

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। समाज के बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने सभी का मन मोह लिया। छोटे-छोटे बच्चों के नृत्य को विशेष सराहना मिली और उन्हें मंच से सम्मानित भी किया गया।

स्मृति चिन्ह भेंट, आत्मीय आभार

समारोह के अंत में ट्रस्ट की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। अतिथियों ने समाज द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत और स्नेहपूर्ण अभिनंदन के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button