हर परिवार को पक्का घर: 40,454 आवास निर्माण को मिली हरी झंडी
रायपुर जिले में पीएम आवास योजना-ग्रामीण से बड़ा बदलाव। दो वर्षों में 40,454 आवास स्वीकृत, 2024-25 में 75.71% घर पूरे। हितग्राहियों को 1.20 लाख रुपये और 90 मानव दिवस मजदूरी।

रायपुर. रायपुर जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत आवास विहीन और कच्चे मकानों में रह रहे परिवारों को पक्के, बुनियादी सुविधायुक्त घर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता के साथ मनरेगा से 90 मानव दिवस मजदूरी प्रदान की जाती है।
दो वर्षों में 40,454 आवासों को स्वीकृति
शासन द्वारा जिले में पिछले दो वर्षों में कुल 40,454 आवासों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है।
- वित्तीय वर्ष 2024-25:
- स्वीकृत आवास: 30,766
- पूर्ण: 23,294 (75.71%)
- प्रगतिरत: 7,472
- वित्तीय वर्ष 2025-26:
- स्वीकृत आवास: 9,688
- प्रथम किश्त प्राप्त हितग्राही: 7,026
भूमि पूजन से गृह प्रवेश तक कार्यक्रम
योजना के तहत स्वीकृत आवासों का समय-समय पर भूमि पूजन और पूर्ण हुए घरों में हितग्राहियों की उपस्थिति में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि निर्माण में गति और गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
नवाचार से निर्माण को रफ्तार
जिले में नवाचार के तौर पर एक दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके जरिए
- अप्रारंभ आवासों को शुरू कराने,
- निर्माणाधीन आवासों को समय-सीमा में पूरा करने,
- और गुणवत्ता सुधार के लिए हितग्राहियों को प्रेरित किया जा रहा है।
- इसके साथ ही स्वीकृत आवासों में रेन हार्वेस्टिंग के तहत सोख्ता गड्ढों का निर्माण किया जा रहा है।
उत्कृष्ट हितग्राहियों का सम्मान, कौशल प्रशिक्षण
कम समय में आवास पूर्ण करने वाले और उत्कृष्ट आवास निर्माण करने वाले हितग्राहियों को जिला व विकासखंड स्तर पर सम्मानित किया जा रहा है।
वहीं, हितग्राहियों के जीवन स्तर में सुधार के लिए ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण केन्द्र, बरगा द्वारा उन्हें कुशल श्रमिक के रूप में दक्ष बनाने हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।




