छत्तीसगढ़ की सेहत को नई पहचान, साय नेतृत्व में देशभर में सराहना
रायपुर जिला अस्पताल की IPHL लैब को NQAS प्रमाणन मिलने पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा ने छत्तीसगढ़ सरकार को बधाई दी। यह देश की पहली इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेबोरेटरी बनी।

रायपुर. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने जिला अस्पताल रायपुर स्थित इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेबोरेटरी (IPHL) को नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स (NQAS) का प्रमाणन प्राप्त होने पर छत्तीसगढ़ सरकार को बधाई दी है। उन्होंने इसे सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में राज्य की एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय उपलब्धि बताया।
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को लिखे पत्र में जे. पी. नड्डा ने कहा कि रायपुर IPHL देश में अपनी तरह की पहली प्रयोगशाला बन गई है, जिसे यह प्रतिष्ठित प्रमाणन प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य की विश्वसनीय और गुणवत्ता-सुनिश्चित डायग्नोस्टिक सेवाएं प्रदान करने की बढ़ती क्षमता को दर्शाती है।
केंद्रीय मंत्री ने इस सफलता को छत्तीसगढ़ सरकार की प्रतिबद्धता और रायपुर जिला अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों के समर्पण का प्रत्यक्ष प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली में जनविश्वास मजबूत हुआ है और सेवा-प्रदाय के नए मानक स्थापित हुए हैं।
नड्डा ने कहा कि IPHL की स्थापना प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अधोसंरचना मिशन (PM-ABHIM) का एक अहम घटक है। यह मिशन देशभर में स्वास्थ्य निगरानी, प्रयोगशाला नेटवर्क और आपदा तैयारी तंत्र को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मिशन का मूल उद्देश्य गुणवत्ता-सुनिश्चित, अस्पताल-विशिष्ट और रोग-विशिष्ट प्रयोगशाला निदान उपलब्ध कराना है। रायपुर IPHL को मिला NQAS प्रमाणन इस बात की पुष्टि करता है कि प्रयोगशाला ने अपने मानव संसाधन, अत्याधुनिक उपकरणों और उन्नत अधोसंरचना का सफलतापूर्वक एकीकरण कर राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों को हासिल किया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि अन्य राज्यों के लिए भी एक राष्ट्रीय मानक स्थापित करती है। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार से आग्रह किया कि रायपुर मॉडल को बेस्ट प्रैक्टिस के रूप में अपनाते हुए राज्य के अन्य जिलों में भी उच्च गुणवत्ता वाली डायग्नोस्टिक सेवाओं का विस्तार किया जाए।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह प्रमाणन राज्य की सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है और भविष्य में जिलों में गुणवत्तापूर्ण प्रयोगशाला एवं डायग्नोस्टिक सेवाओं का निरंतर विस्तार किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि रायपुर IPHL को मिला NQAS प्रमाणन छत्तीसगढ़ की संपूर्ण स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सफलता केवल एक संस्थान की नहीं, बल्कि राज्य के डॉक्टरों, लैब तकनीशियनों, पैरामेडिकल स्टाफ और जिला अस्पताल रायपुर की समर्पित टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इसी मॉडल पर अन्य जिलों में भी IPHL विकसित किए जाएंगे, ताकि प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध, सटीक और विश्वसनीय जांच सुविधाएं मिल सकें।
केंद्रीय मंत्री जे. पी. नड्डा ने दोहराया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक स्वास्थ्य अवसंरचना के विस्तार और गुणवत्ता संवर्धन के लिए निरंतर सहयोग देता रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सार्वजनिक स्वास्थ्य परिवर्तन के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।




