खेल जगत में हलचल: ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 का रिकॉर्डतोड़ प्राइज पूल
ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 की इनामी राशि में 16% बढ़ोतरी की गई है। कुल प्राइज मनी 111.5 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर पहुंची, जबकि एकल विजेताओं को 25 करोड़ रुपये से ज्यादा मिलेंगे।

मेलबर्न. वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन की पुरस्कार राशि में इस बार बड़ा इजाफा किया गया है। टूर्नामेंट आयोजकों ने 2026 संस्करण के लिए कुल इनामी राशि में पिछले साल की तुलना में 16 प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा की है, जिससे यह अब तक के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। प्रतियोगिता की शुरुआत 18 जनवरी से होगी।
आयोजकों के मुताबिक, 2026 के लिए कुल पुरस्कार राशि 111.5 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 6.75 अरब रुपये) तय की गई है, जो 2025 में 96.5 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर से 16 प्रतिशत अधिक है। यह ऑस्ट्रेलियन ओपन के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी प्राइज मनी है।
पुरुष और महिला एकल वर्ग के चैंपियन खिलाड़ियों को 4.15 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 25.13 करोड़ रुपये) मिलेंगे, जो पिछले साल की तुलना में 19 प्रतिशत अधिक है। उपविजेता को 2.15 मिलियन और सेमीफाइनल में पहुंचने वाले खिलाड़ियों को 1.25 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर की इनामी राशि दी जाएगी।
आयोजकों ने क्वालिफाइंग टूर्नामेंट की प्राइज मनी में भी 16 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। इसके साथ ही मुख्य ड्रॉ में जगह बनाने वाले सभी एकल और युगल खिलाड़ियों को कम से कम 10 प्रतिशत बढ़ी हुई पुरस्कार राशि मिलेगी। मेन ड्रॉ के पहले राउंड में हारने वाले खिलाड़ियों को 150,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर मिलेंगे।
टी20 वर्ल्ड कप से कहीं ज्यादा इनामी राशि
यदि तुलना की जाए तो टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए घोषित कुल प्राइज मनी पूल लगभग 94 करोड़ रुपये था, जबकि ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 का प्राइज मनी पूल करीब 6.75 अरब रुपये से ज्यादा है। टी20 वर्ल्ड कप 2024 में विजेता टीम को जहां करीब 20.37 करोड़ रुपये मिले थे, वहीं ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के एकल खिताब विजेता को 25 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिलेगी।
टेनिस ऑस्ट्रेलिया का बयान
टेनिस ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रेग टिली ने कहा, “इनामी राशि में 16 प्रतिशत की बढ़ोतरी हर स्तर पर टेनिस करियर को सपोर्ट करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। 2023 से अब तक क्वालिफाइंग प्राइज मनी में 55 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है, ताकि पेशेवर टेनिस सभी खिलाड़ियों के लिए टिकाऊ बना रहे।”
उन्होंने बताया कि यह बढ़ोतरी ‘समर ऑफ टेनिस’ के तहत किए जा रहे 135 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर के निवेश का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य खेल की नींव को मजबूत करना और अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देना है।
ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 से जुड़ी अहम जानकारियां
- टूर्नामेंट की शुरुआत: 12 जनवरी 2026, मेलबर्न पार्क
- ऑफिशियल ड्रॉ: 15 जनवरी 2026
- पुरुष व महिला एकल विजेता: ₹25.13 करोड़
- उपविजेता: ₹13.02 करोड़
- सेमीफाइनलिस्ट: ₹7.57 करोड़




