सुशासन की मुहर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 23 परियोजनाओं की शुरुआत की
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में 186.98 करोड़ रुपये के 23 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन किया। सड़कों, जलागार, महिला छात्रावास, ई-बस डिपो सहित कई परियोजनाओं को मिली मंजूरी।
रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के फुंडहर खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में रायपुर नगर निगम क्षेत्र के लिए 186 करोड़ 98 लाख रुपये की लागत वाले 23 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 185 करोड़ 49 लाख रुपये के 17 कार्यों का भूमिपूजन और 1 करोड़ 49 लाख रुपये के 6 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
सिंदूर पथ से बॉक्स क्रिकेट पिच तक कई परियोजनाएं लोकार्पित
मुख्यमंत्री ने 1 करोड़ रुपये की लागत से तेलीबांधा चौक पर निर्मित सिंदूर पथ, 49 लाख रुपये से अटल एक्सप्रेस-वे के फुंडहर चौक पर विकसित अटल परिसर, कोर्ट परिसर के पास वनभैंसा प्रतिमा, आईएसबीटी, मोवा ब्रिज और विधानसभा ब्रिज के नीचे बनाए गए बॉक्स क्रिकेट पिच का लोकार्पण किया।
महिला छात्रावास, जलागार और टेक्नीकल टॉवर का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री साय ने पंडरी बस स्टैंड के पीछे 14.71 करोड़ रुपये और नरैया तालाब के पास 14.66 करोड़ रुपये के कामकाजी महिला छात्रावास का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत तेलीबांधा चौक के पास 39.31 करोड़ रुपये के टेक्नीकल टॉवर और खम्हारडीह में 20.93 करोड़ रुपये की लागत से 2500 किलोलीटर क्षमता वाले नवीन जलागार का भूमिपूजन किया गया।
सड़कों, नालियों और ई-बस डिपो के लिए बड़े प्रोजेक्ट
साय ने दलदल सिवनी अम्यूजमेंट पार्क के पास 11.42 करोड़ रुपये के नालंदा परिसर, पचपेड़ी नाका से सीएसईबी चौक तक 13.39 करोड़ रुपये के गौरवपथ, 11.17 करोड़ रुपये के पीएम ई-बस डिपो और 2.79 करोड़ रुपये के इलेक्ट्रिक सब-स्टेशन का भूमिपूजन किया।
इसके अलावा लाभांडी और फुंडहर में 35.73 करोड़ रुपये की राइजिंग व डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन, विधायक कॉलोनी से अविनाश वन होते हुए एनएच-53 तक 1.94 करोड़ रुपये के नाला पुनर्निर्माण सहित कई कार्य शामिल हैं।
विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सड़क सुदृढ़ीकरण
मुख्यमंत्री ने रायपुर-ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 3 करोड़ रुपये, रायपुर-उत्तर में 3 करोड़ रुपये और रायपुर-दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों के सुदृढ़ीकरण, बीटी रिनिवल, ड्रेन और मरम्मत कार्यों का भूमिपूजन किया।
हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा पत्र और चेक वितरण
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के पांच हितग्राहियों को भवन निर्माण अनुज्ञा पत्र प्रदान किए। साथ ही पीएम स्वनिधि योजना के तहत पांच हितग्राहियों को 50-50 हजार रुपये के चेक वितरित किए।




